पंजाब के युवाओं को बर्बाद करने के लिए पड़ोसी देश भेज रहे नशा: राज्यपाल कटारिया
हमारे पड़ोसी देश सीधे तौर पर हमसे युद्ध नहीं कर सकते लेकिन वे योजना के तहत पंजाब के युवाओं को बर्बाद करने के लिए पंजाब में नशा भेज रहे हैं। उक्त बातें शनिवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहीं। वे जिले के सीमावर्ती स्कूलों के प्रिंसिपलों से एक निजी काॅलेज में बैठक कर रहे थे। कटारिया 3 दिन से पठानकोट के विशेष दौरे पर है। इस दौरान उन्होंने जिले में अलग-अलग गांवों व ब्लॉक स्तरीय विलेज डिफेंस कमेटी (वीडीसी) सदस्यों से मीटिंग की। साथ ही युद्ध नशे के विरुद्ध पैदल यात्रा निकालकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। शनिवार को कॉलेज पहुंचने पर राज्यपाल को एनसीसी छात्रों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बैठक दौरान पंजाब सरकार में मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति के राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस भोला ने मादक पदार्थों से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। साथ ही युवाओं को मादक पदार्थों की लत से बचाव बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्यों ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के संबंध में सुझाव दिए। राज्यपाल ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बच्चों की मानसिकता को भी समझना आवश्यक है। यदि कोई शिक्षक बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें नशीली दवाओं से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करता है तो इसके सकारात्मक परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश की रक्षा करते हुए दुश्मन देशों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर सकते हैं तो पंजाब को नशामुक्त बनाना कोई बड़ी बात नहीं है। शिक्षित युवाओं को नशामुक्ति का अभियान का हिस्सा बनाना बहुत महत्वपूर्ण है। कटारिया ने कहा कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके शिक्षण संस्थान पूरी तरह से नशामुक्त हों और उन्हें विद्यालयों के बाहर ये बोर्ड बनाकर लगाने चाहिए। ऐसा करने से आने वाली पीढ़ी को एक नया संदेश मिलेगा और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी। बैठक के अंत में काॅलेज प्रबंधन ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मानित किया।
पंजाब के युवाओं को बर्बाद करने के लिए पड़ोसी देश भेज रहे नशा: राज्यपाल कटारिया #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 10:20 IST
पंजाब के युवाओं को बर्बाद करने के लिए पड़ोसी देश भेज रहे नशा: राज्यपाल कटारिया #VaranasiLiveNews
