Basti News: त्योहार बाद ट्रेनों में सीट की मारामारी, पूजा स्पेशल के बढ़ाए फेरे

बस्ती। दिवाली में घर आए और छठ पर्व मनाकर महानगरों को लौट रहे यात्रियों के लिए रेल सफर मुश्किल हो गया है। नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों में दिसंबर तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है तो पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई ट्रेनों में बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से मुंबई, दिल्ली और पुणे के लिए चलने वाली कुछ पूजा स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए हैं। हालांकि, ट्रेनों की देरी भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है। रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 05097 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस आरक्षित पूजा स्पेशल का संचालन 25 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से रात 8:55 बजे रवाना होकर रात 11 बजे बस्ती पहुंचेगी। गोंडा और लखनऊ होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05098 27 नवंबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और गोंडा होते हुए रात 10:37 बजे बस्ती पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच लगाए जाएंगे। इसी तरह ट्रेन संख्या 05019 गोरखपुर-दिल्ली पूजा स्पेशल मंगलवार को गोरखपुर से दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर शाम 3:57 बजे बस्ती पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05020 बुधवार को दिल्ली से सुबह 11:10 बजे चलकर दोपहर 3:24 बजे बस्ती पहुंचेगी और शाम 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 15 कोच लगाए गए हैं। ट्रेन संख्या 05093 गोरखपुर-हड़पसर (पुणे) पूजा स्पेशल का संचालन 24 से 26 नवंबर तक किया जाएगा। यह गोरखपुर से रात 9:55 बजे रवाना होकर 11:12 बजे बस्ती पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05094 हड़पसर से बृहस्पतिवार को सुबह 10:05 बजे रवाना होकर शाम पांच बजे बस्ती पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच लगाए गए हैं।----देरी से चल रहीं ट्रेनें, घंटों इंतजारएक तरफ यात्रियों की भीड़ से ट्रेनों में जगह मिलना मुश्किल है, दूसरी तरफ कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। मंगलवार को आनंद विहार टर्मिनल-छपरा स्पेशल अपने निर्धारित समय सुबह 9:06 बजे के बजाय 10 घंटे आठ मिनट की देरी से शाम 7:15 बजे बस्ती पहुंची। पूर्णिया कोर्ट स्पेशल भी 10 घंटे 21 मिनट की देरी से सुबह 5:45 बजे के बजाय शाम 4:06 बजे पहुंची। इसके अलावा मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस 6:42 घंटे, जननायक एक्सप्रेस 2:15 घंटे, अयोध्या-भटनी मेमो 2:40 घंटे, वैशाली एक्सप्रेस पौने दो घंटे, उधना-गोरखपुर एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 5:15 घंटे और बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल पांच घंटे की देरी से चली। लोहित एक्सप्रेस 8:15 घंटे, डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस दो घंटे, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल साढ़े तीन घंटे, अवध-असम एक्सप्रेस 2:37 घंटे, मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट साढ़े चार घंटे और नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल पांच घंटे की देरी से संचालित हुईं।---त्योहार के बाद महानगरों को लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं। यात्रियों को सहूलियत देने और ट्रेन संचालन बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। -सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर

#BastiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 25, 2026, 01:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Basti news



Basti News: त्योहार बाद ट्रेनों में सीट की मारामारी, पूजा स्पेशल के बढ़ाए फेरे #BastiNews #VaranasiLiveNews