Kangra News: मंदी के बाद कारोबारियों को राहत, होटल में 30 फीसदी रही ऑक्यूपेंसी
धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में लंबे समय की सुस्ती के बाद इस वीकेंड पर कारोबारी गतिविधियों में तेजी देखने को मिली है। तिब्बती समुदाय के नववर्ष लोसर और बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के राज्याभिषेक की 86वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देश-विदेश से भारी संख्या में अनुयायी और पर्यटक यहां पहुंचे हैं। इस विशेष अवसर के चलते रविवार को होटलों में 30 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।गौरतलब है कि जनवरी में हुए हिमपात के बाद से पर्यटन कारोबार काफी मंदा चल रहा था और वीकेंड पर भी ऑक्यूपेंसी महज 10 से 15 फीसदी तक ही सिमट कर रह गई थी। हालांकि इस बार दलाई लामा के छोटे भाई के निधन के कारण समारोह में पहले जैसी भीड़ नहीं जुट सकी, फिर भी पिछले महीनों की तुलना में पर्यटकों की आवाजाही में सुधार हुआ है।वर्तमान में स्कूलों और कॉलेजों में वार्षिक परीक्षाएं नजदीक होने के कारण भी पर्यटकों की संख्या पर थोड़ा अंकुश लगा है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि इस वीकेंड के सकारात्मक आंकड़ों से कारोबारी उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में परीक्षाओं के समाप्त होते ही मैक्लोडगंज और धर्मशाला के पर्यटन सीजन में एक बार फिर बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा। स्थानीय व्यापारियों को अब आगामी गर्मियों के सीजन से बड़ी उम्मीदें हैं।
#KangraNews #TodayKangraNews #TodayKangraHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 00:39 IST
Kangra News: मंदी के बाद कारोबारियों को राहत, होटल में 30 फीसदी रही ऑक्यूपेंसी #KangraNews #TodayKangraNews #TodayKangraHindiNews #VaranasiLiveNews
