Una News: अनाथ भाइयों की मदद को आगे आया युवा शक्ति क्लब पंजोआ

बड़ूही (ऊना)। युवा शक्ति क्लब पंजोआ ने दो अनाथ भाइयों के लिए मकान बनाने की जिम्मेदारी उठाकर मानवता और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। क्लब के युवाओं ने न केवल मकान के निर्माण की जिम्मेदारी उठाई बल्कि निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। इससे दोनों अनाथ भाइयों में जल्द ही नया घर मिलने की उम्मीद जगी है।बता दें उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत दियाड़ा के वार्ड सात निवासी अनाथ भाइयों रितिश और नितिश कुमार ने बचपन में ही अपनी माता को खो दिया था। इसके बाद उनके पिता सुरेश कुमार ने मजदूरी कर दोनों बेटों का पालन-पोषण किया लेकिन कुछ माह पूर्व पिता के निधन के बाद दोनों भाई पूरी तरह बेसहारा हो गए। वे जिस मकान में रह रहे थे वह जर्जर स्थिति में था और कभी भी गिर सकता था। दोनों भाइयों की इस स्थिति को देखते हुए युवा शक्ति क्लब पंजोआ के युवाओं ने उनके लिए सुरक्षित आशियाना बनाने का संकल्प लिया। इतना ही नहीं क्लब सदस्यों ने पुराने मकान और लेंटर को तोड़ने का कार्य भी स्वयं श्रमदान के माध्यम से किया। जानकारी के अनुसार पुराने मकान को गिराने और मलबा हटाने के लिए एक ठेकेदार ने करीब 35 हजार रुपये का खर्च बताया लेकिन क्लब के युवाओं ने कई दिनों तक लगातार मेहनत कर यह कार्य स्वयं पूरा किया। इसके बाद मलबा हटाकर जमीन तैयार की, जिससे मकान का निर्माण कार्य शुरू हो सका। इस पुनीत कार्य में स्थानीय समाजसेवी श्याम सुंदर, सुदर्शन सिंह ठाकुर, मास्टर पवन तथा बड़ूही के राज नंबरदार सहित कई लोगों ने सहयोग दिया।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 19, 2026, 23:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: अनाथ भाइयों की मदद को आगे आया युवा शक्ति क्लब पंजोआ #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews