बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव: घर के बरामदे में बैठी महिला पर अंधाधुंध फायरिंग, तीन गोलियां लगीं

सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अपराधियों ने घर के बरामदे में बैठी एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना तरैया गांव में भगवती स्थान के समीप की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान तरैया निवासी स्वर्गीय अवधेश सिंह की 55 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। अपराधी ने अचानक शुरू की फायरिंग घटना के संबंध में बताया जाता है कि नीलम देवी शनिवार की रात अपने घर के बरामदे में बैठी हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन- फानन में खून से लथपथ नीलम देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल तरैया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में उपचार के बाद स्थिति गंभीर रहने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया है। पांच गोलियां चलने की बात आई सामने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से करीब पांच गोलियां चलने की बात कही जा रही है। वहीं, अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला के पैर और जांघ में तीन गोली लगने की बात सामने आई है। हालांकि गोलीबारी में कितनी गोलियां चलीं और महिला को कितनी गोलियां लगीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायल महिला के परिवार का तरैया के रामबाग में होटल का कारोबार है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोलीबारी की घटना के पीछे कोई पुराना विवाद, आपसी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं है। ये भी पढ़ें- आठ दिन से लापता अमन का नहीं मिला सुराग: ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; तीन घंटे तक मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन जाम इस संबंध में तरैया थाने के थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना स्थल की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और वारदात में शामिल अपराधियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, देर रात घर के बरामदे में बैठी महिला को गोली मारने की घटना से तरैया क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

#CityStates #Crime #Bihar #Saran #SaranNews #TaraiyaNews #TaraiyaFiring #SaranCrimeNews #WomanShotInSaran #TaraiyaPolice #BiharCrimeNews #NeelamDeviShooting #SaranFiringCase #PatnaPmchReferral #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 19, 2026, 22:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव: घर के बरामदे में बैठी महिला पर अंधाधुंध फायरिंग, तीन गोलियां लगीं #CityStates #Crime #Bihar #Saran #SaranNews #TaraiyaNews #TaraiyaFiring #SaranCrimeNews #WomanShotInSaran #TaraiyaPolice #BiharCrimeNews #NeelamDeviShooting #SaranFiringCase #PatnaPmchReferral #VaranasiLiveNews