Bareilly News: क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर किया निकाह, भेद खुला तो पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली। एक विवाहिता ने अपने पति पर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर धोखे से शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि निकाह के बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। किला थाने में महिला ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।आनंद विहार कॉलोनी निवासी यजदाना कलीम ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह आठ अप्रैल को रेहान उर्फ अजीम से हुआ था। तब रेहान ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया था। यजदाना के पिता नहीं हैं, विधवा मां ने लोगों से उधार लेकर डेढ़ लाख रुपये दहेज में दिए थे। निकाह के दो-तीन दिन बाद रेहान उसे किराये के मकान में ले गया। उसने अपना मकान फाइक एन्क्लेव में बताया था। बाद में यजदाना को पता चला कि उसका असली घर बानखाना मोहल्ले की मोहब्बत वाली गली में है। पीड़िता को यह भी जानकारी मिली कि रेहान पहले भी झूठ बोलकर शादी कर चुका है। उस पर कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और लूटपाट करने के आरोप हैं। यजदाना ने बताया कि रेहान ने शादी में डेढ़ लाख रुपये लिए थे और तीन दिन किराये के कमरे पर रखने के बाद उसे परेशान करने लगा।यजदाना का आरोप है कि रेहान अब उसे मायके छोड़ गया है। वह उस पर बाइक लाने का दबाव बना रहा है। साथ ही वह 20 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी मांग रहा है। जब पीड़िता ससुराल पहुंची तो उसे डांटकर भगा दिया गया। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
#ManPosesAsCrimeBranchOfficerToGetMarried;WifeFilesAComplaintAfterTheTruthIsRevealed #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 02:08 IST
Bareilly News: क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर किया निकाह, भेद खुला तो पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट #ManPosesAsCrimeBranchOfficerToGetMarried;WifeFilesAComplaintAfterTheTruthIsRevealed #VaranasiLiveNews
