भिवानी से रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 15.60 लाख की ठगी के मामले में राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार
भिवानी। नेक्सा एवरग्रीन धोलेरा के माध्यम से रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 15.60 लाख की धोखाधड़ी के राजस्थान निवासी दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान व मध्य प्रदेश में भी धोखाधड़ी के कई अभियोग दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जिसके बाद बुधवार को उन्हें न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार भेजा गया। गांव चांग के वार्ड नंबर नौ निवासी पवन कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि नेक्सा एवरग्रीन धोलेरा तथा उससे जुड़ी अन्य कंपनियों के संचालकों ने गूगल मीट, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लोगों को अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने गुजरात के धोलेरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में निवेश का झांसा देते हुए मात्र 14 माह में निवेश की राशि दोगुनी करने तथा प्रत्येक माह तीन प्रतिशत रिटर्न देने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने एचडीएफसी बैंक भिवानी के माध्यम से कंपनी में 15 लाख 60 हजार रुपये का निवेश किया, लेकिन उसे केवल 91,657 ही वापस मिले। इसके बाद किस्तें बंद कर दी गईं और आरोपियों ने शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी कर राशि हड़प ली। इस संबंध में सदर पुलिस थाना भिवानी में 12 मार्च 2024 धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में 27 जुलाई को कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई के एएसआई सुरेंद्र ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से उपेंद्र कुमार तथा सुभाष चंद्र निवासी पनलावा तहसील लक्ष्मणगढ़ जिला सीकर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों का न्यायालय से दो दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों के विरुद्ध हरियाणा, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में भी धोखाधड़ी के कई अभियोग दर्ज हैं। वहीं इस अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। बुधवार को रिमांड पूरा होने के बाद पुन: दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से जिला कारागार भेजने के आदेश हुए। संवाद
भिवानी से रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 15.60 लाख की ठगी के मामले में राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 09:22 IST
भिवानी से रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 15.60 लाख की ठगी के मामले में राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
