सोनीपत: मेरे सपनों का भारत में छात्राओं ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर
सोनीपत। मोहाना गांव स्थित सीएमईईई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं चित्र प्रदर्शनी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की ओर से बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। चित्रों के माध्यम से छात्राओं ने सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना को रंगों के जरिए प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में सशक्त एवं शिक्षित नारी, पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत, तकनीक और परंपरा का संगम, सामाजिक समानता और भ्रातृत्व जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया। छात्राओं ने शिक्षित बेटी से समाज में आने वाले बदलाव, स्वच्छ नदियों, हरित गांवों और सौर ऊर्जा के उपयोग को चित्रों में उकेरा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि युवा ही देश के भविष्य के भाग्यविधाता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और विकसित भारत के सपने के साकार होने की कामना भी की गई। इस दौरान स्कूल के पास बास्केटबाल मैदान, वेस्ट वाटर के बेहतर प्रबंधन और विद्यालय परिसर के विस्तार के लिए कार्ययोजना तैयार करने को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान प्राचार्य सुनीता कादयान, सरपंच नरेंद्र महला, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन युद्धविंद्र सिंह व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सोनीपत: मेरे सपनों का भारत में छात्राओं ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 19, 2026, 20:00 IST
सोनीपत: मेरे सपनों का भारत में छात्राओं ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर #VaranasiLiveNews
