सिरमौर: भूस्खलन से दो घंटे बंद रहा पांवटा-शिलाई एनएच, जाम में फंसीं एंबुलेंस और बसें

नाहन। सिरमौर जिले में रविवार रात से सोमवार तक हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जगह-जगह भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतौन के समीप ढाई मील क्षेत्र में भूस्खलन के चलते करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। जाम में दो 108 एंबुलेंस, सरकारी और निजी बसों सहित दर्जनों छोटे-बड़े वाहन फंस गए। बाद में एनएचएआई ने मशीनरी लगाकर मलबा हटाया और यातायात बहाल कराया। सोमवार को सतौन के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में मरीजों को लेकर जा रही दो 108 एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। करीब दो घंटे बाद एनएचएआई की जेसीबी और अन्य मशीनों ने मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। हालांकि मार्ग खुलने के बाद भी वाहनों की लंबी कतार के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। उधर, नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर बनेठी के समीप भी पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क से मलबा हटाया और आवाजाही सामान्य करवाई। लगातार हो रही बारिश का असर जिले की ग्रामीण सड़कों पर भी देखने को मिला। लोक निर्माण विभाग के अनुसार जिले में कुल 24 सड़कें बंद हैं।

सिरमौर: भूस्खलन से दो घंटे बंद रहा पांवटा-शिलाई एनएच, जाम में फंसीं एंबुलेंस और बसें #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 03, 2026, 19:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सिरमौर: भूस्खलन से दो घंटे बंद रहा पांवटा-शिलाई एनएच, जाम में फंसीं एंबुलेंस और बसें #VaranasiLiveNews