भिवानी में लोहारू पुलिस ने अपहरण कर 20 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश किए गिरफ्तार
लोहारू डिटेक्टिव स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए अपहरण कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश राजस्थान के झुंझुनू जिले से एक व्यापारी और उसके चालक का अपहरण कर हरियाणा सीमा में घुस आए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस सहित नकदी व अन्य सामान बरामद किया है। डीएसपी संजीव ने बताया कि राजस्थान के भोजासर गांव निवासी करीब 60 वर्षीय सुरेंद्र अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में चालक महिपाल के साथ जयपुर से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में घोड़ीवारा के पास एक कार में सवार 4-5 बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उनकी गाड़ी रुकवाकर हवाई फायर किया और दोनों को अगवा कर लिया। बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल व नकदी छीन ली और एक परिचित को व्हाट्सएप कॉल कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसी दौरान डिटेक्टिव स्टाफ के एसआई विनोद कुमार को अपहरण की सूचना व गाड़ी की लोकेशन लोहारू क्षेत्र में मिलने पर तुरंत टीम गठित कर लोहारू-पिलानी रोड ओवरब्रिज पर नाकाबंदी की गई। संदिग्ध फॉर्च्यूनर को रुकवाने का प्रयास करने पर आरोपी चालक ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी। तत्पश्चात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक रोहित को काबू कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी ओवरब्रिज से कूदकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित, कृष और नतिन निवासी जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।
भिवानी में लोहारू पुलिस ने अपहरण कर 20 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश किए गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 11:52 IST
भिवानी में लोहारू पुलिस ने अपहरण कर 20 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश किए गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
