Meerut News: नवनिर्मित बाह्य न्यायालय भवन का उद्घाटन, वकीलों के चैंबर भी बनेंगे
इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया शुभारंभसंवाद न्यूज एजेंसी मवाना। मेरठ रोड स्थित नवनिर्मित बाह्य न्यायालय भवन का उद्घाटन प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। मुख्य न्यायाधीश ने संबोधन में कहा कि नए न्यायालय भवन के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। अब स्थानीय लोगों को न्याय पाने के लिए दूर-दराज के न्यायालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे उन्हें सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जुड़े इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन ने कहा कि मवाना में इस नई अदालत की स्थापना से इस पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर न्यायिक सुविधाएं सुलभ होंगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एवं मेरठ के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने कहा कि इस न्यायालय भवन के अस्तित्व में आने से मवाना क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी, जिसका सबसे अधिक लाभ यहां के अधिवक्ताओं और वादकारियों को प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि परिसर में जल्द ही वकीलों के लिए स्थायी चैंबरों का निर्माण भी कराया जाएगा।समारोह के दौरान न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने नवनिर्मित अधिवक्ता चैंबरों के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और विधिवत पूजा-अर्चना की। मौके पर लगाए गए शिलापट्ट का अनावरण किया। इससे पहले उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने न्यायिक मजिस्ट्रेट मवाना प्रशांत मौर्य को उनकी न्यायिक कुर्सी पर आसीन कर न्यायालय का विधिवत शुभारंभ कराया। कार्यक्रम को जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने भी संबोधित किया और इस आयोजन की सराहना की।समारोह में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, अपर जिला जज, विभिन्न न्यायिक अधिकारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत मोर्य, मवाना सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता राजेंद्र तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम, सचिव नटवर राणा, बार एसोसिएशन मवाना के अध्यक्ष श्रीवल्लभ, सचिव मेघपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुकुल तिलक, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा और सचिव परवेज आलम आदि उपस्थित रहे।
#InaugurationOfTheNewlyConstructedOuterCourtBuilding;Lawyers'ChambersWillAlsoBeBuilt. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 14:39 IST
Meerut News: नवनिर्मित बाह्य न्यायालय भवन का उद्घाटन, वकीलों के चैंबर भी बनेंगे #InaugurationOfTheNewlyConstructedOuterCourtBuilding;Lawyers'ChambersWillAlsoBeBuilt. #VaranasiLiveNews
