Hamirpur: चेतावनी के बावजूद क्यों बढ़ाया गया शिप? आदित्य शर्मा के दादा ने उठाए बड़े सवाल
होर्मुज जलमार्ग में ओमान तट पर अमेरिकी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिला के भालू गांव के आदित्य शर्मा की मौत को लेकर परिजनों ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शोक में डूबे परिवार ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। आंखों में आंसू लिए दादा अशोक ने कहा कि शिप को पहले ही खतरे की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद जहाज को आगे क्यों बढ़ाया गया, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर चेतावनी के बाद उचित कदम उठाए जाते तो शायद आज उनका पोता जीवित होता। पिता राजेश कुमार शर्मा ने दावा किया कि आदित्य ने रविवार को फोन पर बताया था कि उनका शिप डेंजर जोन में है। सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा दो बार जहाज को वहां से हटाने और आगे न बढ़ने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने हमले को युद्ध अपराध बताते हुए कहा कि जहाज एक कमर्शियल टैंकर था और उस पर मौजूद सभी लोग निहत्थे थे। वहीं चाचा संजीव लखनपाल ने भी कई सवाल उठाते हुए कहा कि हमले के समय रात करीब साढ़े दस बजे आदित्य को इंजन रूम के पास आखिर कौन-सा कार्य सौंपा गया था। इसकी भी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सांसद अनुराग ठाकुर से पार्थिव देह को जल्द भारत लाने और मामले की जांच करवाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि चेतावनियों के बावजूद जहाज को खतरे वाले क्षेत्र में ले जाने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
Hamirpur: चेतावनी के बावजूद क्यों बढ़ाया गया शिप आदित्य शर्मा के दादा ने उठाए बड़े सवाल #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 12, 2026, 09:31 IST
Hamirpur: चेतावनी के बावजूद क्यों बढ़ाया गया शिप आदित्य शर्मा के दादा ने उठाए बड़े सवाल #VaranasiLiveNews
