बहराइच के रुपईडीहा में मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल में नेपाल एपीएफ का दमदार प्रदर्शन, एसएसबी को 2-1 से हराया

बहराइच में 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की बीओपी रुपईडीहा परिसर में शनिवार को भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। रोमांच से भरपूर मुकाबले में नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42वीं वाहिनी एसएसबी की टीम को 2-1 से पराजित कर जीत दर्ज की। मैत्रीपूर्ण मुकाबले में दोनों देशों के जवानों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 42वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पाण्डेय सहित नेपाल एपीएफ के अधिकारी भीमचंद तथा दोनों देशों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुकाबले का शुभारंभ भारत और नेपाल के राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैच शुरू होने से पहले टॉस में एसएसबी की टीम ने जीत हासिल कर अपना कोर्ट चुना। इसके बाद शुरू हुआ मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन स्मैश और शानदार डिफेंस ने मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कड़े संघर्ष के बाद नेपाल एपीएफ की टीम ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच आयोजित इस तरह के मैत्रीपूर्ण खेल आयोजनों से आपसी तालमेल, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने में मदद मिलती है। सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी के साथ लगातार ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए ऐसे आयोजन मानसिक रूप से तरोताजा करने के साथ उनके उत्साह और मनोबल को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के खेल एवं अन्य मैत्रीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। खेल के मैदान में दोनों देशों के जवानों ने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी भाईचारे और मित्रता का भी संदेश दिया।

बहराइच के रुपईडीहा में मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल में नेपाल एपीएफ का दमदार प्रदर्शन, एसएसबी को 2-1 से हराया #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 19, 2026, 19:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बहराइच के रुपईडीहा में मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल में नेपाल एपीएफ का दमदार प्रदर्शन, एसएसबी को 2-1 से हराया #VaranasiLiveNews