अंबाला : पंजाब को नशा मुक्त करने को पूरा देश साथ खड़ा: रेखा गुप्ता
अंबाला सिटी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि पंजाब को नशा मुक्त करने के अभियान में भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ देश का हर प्रांत उनके साथ खड़ा है। पंजाब से नशा खत्म होने का सीधा लाभ अन्य पड़ोसी राज्यों को भी मिलेगा। वह पंजाब दौरे से दिल्ली लौटते समय शनिवार को अंबाला शहर में पूर्व मंत्री असीम गोयल के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हरियाणा उनकी जन्मभूमि है और यहां आकर उन्हें हमेशा खुशी होती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भाजपा द्वारा पंजाब में नशा मुक्त यात्रा का शुभारंभ किया गया था, जिसके दूसरे चरण के तहत वह पंजाब पहुंची थीं। पूरा देश चाहता है कि पंजाब नशे की गिरफ्त से बाहर निकले। सब मिलकर प्रयास करेंगे ताकि पंजाब में सुख-समृद्धि वापस आ सके। सीएम के अंबाला पहुंचने पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया और भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। पीएम के नेतृत्व में आतंकवाद-नक्सलवाद हुआ खत्म दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश से आतंकवाद, नक्सलवाद और धारा 370 को समाप्त करने का ऐतिहासिक काम किया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान पूर्व मंत्री असीम गोयल की बेटी अंशिका गोयल ने मुख्यमंत्री को अपने द्वारा लिखित पुस्तक भेंट की, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, मेयर अक्षिता सैनी, रितेश गोयल, हितेष जैन आदि लोग उपस्थित रहे।
अंबाला : पंजाब को नशा मुक्त करने को पूरा देश साथ खड़ा: रेखा गुप्ता #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 19, 2026, 20:01 IST
अंबाला : पंजाब को नशा मुक्त करने को पूरा देश साथ खड़ा: रेखा गुप्ता #VaranasiLiveNews
