अमेठी में जलाभिषेक को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जगह-जगह रुद्राभिषेक व भंडारे का आयोजन

अमेठी में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। पूरे दिन मंदिर परिसर बोलबम और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजते रहे। कई स्थानों पर विधि-विधान से रुद्राभिषेक, मानस पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। ताला महादेवन स्थित बाबा मुकुटनाथ धाम परिसर में रात दो बजे से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालु हाथों में जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सुबह होते-होते मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों व स्थानीय पुलिस की तैनाती रही। गौरीगंज स्थित प्रसिद्ध दूधनाथ मंदिर, बाबा झारखंड धाम, गौरीपुर के गौरीशंकर मंदिर, रोहसी बुजुर्ग स्थित महामृत्युंजय धाम, बाबूगंज सगरा आश्रम, जागेश्वर नाथ धाम, गोसाई बाबा आश्रम, सहजीपुर के महादेवन धाम और श्री देवीपाटन धाम सहित अन्य शिवालयों में भी भोर से जलाभिषेक का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं ने ओम नमः शिवाय का जाप करते हुए भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर दिनभर मानस पाठ और भजन-कीर्तन चलता रहा। मंदिर समितियों की ओर से भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद व फलाहार वितरित किया गया। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष उत्साह दिखाई पड़ा। पूरे जिले में धार्मिक माहौल बना रहा और भक्तिभाव के साथ पर्व मनाया गया।

अमेठी में जलाभिषेक को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जगह-जगह रुद्राभिषेक व भंडारे का आयोजन #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 15, 2026, 06:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अमेठी में जलाभिषेक को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जगह-जगह रुद्राभिषेक व भंडारे का आयोजन #VaranasiLiveNews