परीक्षा व्यवस्था में यू-टर्न: छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों को फिर मिली लोकल परीक्षाएं आयोजित करने की अनुमति
शिक्षा विभाग ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर जारी अपने पहले के निर्देशों में बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी संशोधित पत्र के अनुसार अब निजी स्कूलों को एक बार फिर लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं अपने स्तर पर आयोजित करने की अनुमति दे दी गई है। इस फैसले से उन निजी शिक्षण संस्थानों को राहत मिली है, जो पहले आदेश के बाद असमंजस की स्थिति में थे। दरअसल, पहले जारी आदेश में जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी सरकारी और निजी स्कूलों की परीक्षाएं आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे निजी स्कूलों में यह भ्रम पैदा हो गया था कि लोकल कक्षाओं की परीक्षाओं का संचालन भी जिला स्तर से होगा। इसको लेकर स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच भी कई तरह की शंकाएं सामने आ रही थीं। अब शिक्षा विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी गई है। इसके अनुसार निजी स्कूलों की लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं पहले की तरह स्कूल प्रबंधन ही आयोजित करेगा। वहीं शासकीय स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की परीक्षाओं का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से किया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय के इस नए आदेश के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहा भ्रम समाप्त हो गया है। निजी स्कूलों को जहां परीक्षा आयोजन की स्वतंत्रता मिल गई है, वहीं शासकीय और आत्मानंद स्कूलों में जिला स्तर से एकरूपता और निगरानी के साथ परीक्षाएं कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी होगी। यहां देखें आदेश की कॉपी
#CityStates #Chhattisgarh #Raipur #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 13:07 IST
परीक्षा व्यवस्था में यू-टर्न: छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों को फिर मिली लोकल परीक्षाएं आयोजित करने की अनुमति #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #VaranasiLiveNews
