ट्रंप का नया दांव: अमेरिकी एआई कंपनियों को देंगे नेशनल चैंपियन का दर्जा, चीन की चुनौती से निपटने की है तैयारी
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की दौड़ में चीन को रोकने और अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए अमेरिका ने बड़ा फैसला किया है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओपनएआई और एंथ्रोपिक समेत दो दर्जन से अधिक अमेरिकी कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में 'नेशनल चैंपियन' का दर्जा देने की तैयारी कर रहा है। इस पहल का मकसद अमेरिकी तकनीकी कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार करने में मदद देना और चीन की कंपनियों से मुकाबला करना है।वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना का औपचारिक एलान अगले सप्ताह किया जा सकता है। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक इसकी घोषणा का नेतृत्व करेंगे। हालांकि, एलान की समयसीमा में बदलाव भी हो सकता है। अमेरिकी एआई तकनीक को दुनिया भर में पहुंचाने की योजना इस कार्यक्रम के तहत अमेरिकी सरकार विदेशी देशों और कंपनियों को चीन के बजाय अमेरिका में विकसित एआई सिस्टम अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इसके लिए अमेरिकी प्रोसेसर, एआई आर्किटेक्चर और संबंधित उत्पादों को एक साथ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि विदेशी खरीदारों के लिए इनकी खरीद आसान हो सके। चयनित कंपनियों को निर्यात लाइसेंस की मंजूरी तेजी से मिल सकती है। इसके अलावा, उन्हें दूसरे देशों में कारोबार बढ़ाने के लिए अमेरिकी सरकार का आधिकारिक समर्थन और संघीय फंडिंग से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी मिल सकता है। करीब एक साल पहले शुरू हुई थी पहल ट्रंप प्रशासन ने लगभग एक साल पहले अपनी व्यापक तकनीकी रणनीति के तहत इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। हालांकि, अब तक इसमें शामिल होने वाली कंपनियों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई थी।इस पहल के जरिए अमेरिका वैश्विक स्तर पर अपनी एआई तकनीक की पहुंच बढ़ाना चाहता है। इसके पीछे चीन के साथ बढ़ती तकनीकी प्रतिस्पर्धा भी एक बड़ी वजह है। चीन की हुआवेई टेक्नोलॉजीज जैसी कंपनियां यूरोप और लैटिन अमेरिका के बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में जुटी हैं। एनवीडिया के चयन के बीच चिप निर्यात पर निगरानी एनवीडिया को इस कार्यक्रम में शामिल किए जाने की संभावना ऐसे समय सामने आई है, जब कंपनी के कारोबार और चीन को उन्नत एआई चिप के निर्यात पर अमेरिकी नियामकों की निगरानी बढ़ी हुई है।एनवीडिया के चिप दुनिया के कई उन्नत एआई सिस्टम को चलाने में इस्तेमाल होते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप कंपनी और उसके सीईओ जेनसन हुआंग की कई बार तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने अमेरिकी तकनीकी क्षेत्र में एनवीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। हालांकि, राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी बनी हुई हैं। आशंका जताई गई है कि निर्यात नियंत्रण से जुड़ी खामियों का फायदा उठाकर चीनी कंपनियां एनवीडिया के अत्याधुनिक चिप हासिल कर सकती हैं। इसी वजह से कुछ लोग चीन को चिप निर्यात पर और सख्त पाबंदियां लगाने की मांग कर रहे हैं। जेनसन हुआंग से जुड़े आरोपों से बढ़ा दबाव वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, जेनसन हुआंग के कथित तौर पर चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ी एक महिला के संपर्क में होने संबंधी खुलासों के बाद आलोचकों का दबाव बढ़ा है। वे व्यावसायिक हितों के मुकाबले राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं। वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक पर भी आरोप लगे हैं कि उनका विभाग उन खामियों को दूर करने में नाकाम रहा, जिनके जरिए चीनी कंपनियां एनवीडिया के उन्नत माइक्रोचिप तक पहुंच बना सकती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापार वार्ता के दौरान लटनिक बीजिंग को नाराज करने से बचने के पक्ष में रहे हैं। चीन दौरे से पहले नए नियमों की तैयारी यह संभावित घोषणा ऐसे समय हो सकती है, जब लुटनिक इस सप्ताह ट्रंप के प्रस्तावित चीन दौरे में उनके साथ जाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी वाणिज्य विभाग ऐसे नए नियमों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, जिनका उद्देश्य उच्च क्षमता वाले प्रोसेसर को अवैध तरीके से चीन पहुंचने से रोकना है। ट्रंप प्रशासन के एजेंडे में अमेरिकी एआई तकनीक का निर्यात बढ़ाना प्रमुख प्राथमिकता रहा है। वॉशिंगटन इस पहल को एआई क्षेत्र में अमेरिकी नेतृत्व बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा मान रहा है। इस क्षेत्र में अमेरिका और चीन के बीच वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा जारी है।
#World #International #DonaldTrump #Nvidia #Microsoft #Amazon #Openai #Anthropic #HowardLutnick #ArtificialIntelligence #UsTechnology #China #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2026, 12:56 IST
ट्रंप का नया दांव: अमेरिकी एआई कंपनियों को देंगे नेशनल चैंपियन का दर्जा, चीन की चुनौती से निपटने की है तैयारी #World #International #DonaldTrump #Nvidia #Microsoft #Amazon #Openai #Anthropic #HowardLutnick #ArtificialIntelligence #UsTechnology #China #VaranasiLiveNews
