हूतियों ने सऊदी पर किया हमला: एयरपोर्ट और वित्तीय केंद्र पर मिसाइलें दागने का दावा, क्या फिर बढ़ेगा तनाव?
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और एक वित्तीय केंद्र को निशाना बनाया है। संगठन के मुताबिक, रविवार को दो बैलिस्टिक मिसाइलों से ये हमले किए गए। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि दोनों ठिकानों पर हमला सफल रहा और उनके लक्ष्य हासिल हो गए। हालांकि, सऊदी अरब की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। हूतियों ने क्या-क्या कहा हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बयान में कहा, 'हमारी सशस्त्र सेनाओं ने दुश्मन देश सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और वित्तीय केंद्र को दो बैलिस्टिक मिसाइलों से सफलतापूर्वक निशाना बनाया। इस अभियान ने अपने उद्देश्य हासिल कर लिए।' संगठन ने इस हमले को सफल बताया है। हालांकि, सऊदी अरब की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आने के कारण हमले में हुए नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी सैनिकों के ठिकानों पर भी हमला रियाद पर हमले के दावे से पहले हूतियों ने सऊदी सैनिकों के ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही थी। संगठन के मुताबिक, लाहिज प्रांत के कावा शिविर और उसके आसपास के इलाकों में सऊदी सैनिकों की मौजूदगी थी। इन ठिकानों पर छह बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया गया। याह्या सरी ने कहा कि इन सैनिकों की कमान सऊदी अधिकारी बद्र अल-हरबी के पास थी। उन्होंने दावा किया कि मिसाइलें सीधे अपने लक्ष्य पर लगीं। इस हमले में दर्जनों लोग हताहत हुए और बड़ी संख्या में वाहन नष्ट हो गए। यह भी पढ़ें:ब्रेन इम्प्लांट तकनीक नई उम्मीद: आवाज खो चुके मरीज फिर बोलेंगे, गुनगुनाएंगे गाने भी; जानें कैसे मिली कामयाबी सऊदी अरब पर पर क्या आरोप हूती प्रवक्ता ने सऊदी अरब पर पिछले 24 घंटों में 75 हवाई और मिसाइल हमले करने का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक, ये हमले सादा, ताइज, लाहिज, अल-जौफ और मारिब प्रांतों के रिहायशी और नागरिक इलाकों में किए गए। सरी ने दावा किया कि इन हमलों में एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल हुआ। ये विमान खमीस मुशैत और ताइफ एयरबेस से संचालित किए गए थे। इसके अलावा, नाजरान से मिसाइल हमले किए जाने का भी आरोप लगाया गया। हूती प्रवक्ता ने इन हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने की बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि तनाव बढ़ने के बाद से सऊदी नेतृत्व वाले हवाई और मिसाइल हमलों की कुल संख्या 5,095 तक पहुंच गई है। मक्का और मदीना में ड्रोन गिराने का दावा हूती प्रवक्ता ने मक्का और मदीना के ऊपर ड्रोन रोकने के सऊदी दावे को भी खारिज किया। उन्होंने सऊदी अरब के उस दावे को झूठा और मनगढ़ंत बताया, जिसमें कहा गया था कि मक्का के पवित्र स्थलों के ऊपर दो ड्रोन और मदीना के ऊपर एक ड्रोन को रोक दिया गया। सरी ने कहा कि उनके संगठन केवल सऊदी अरब के तेल ठिकानों और सैन्य अड्डों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने सऊदी अरब से कहा कि उसे इस्लाम के पवित्र स्थलों के पीछे छिपने के बजाय युद्ध के मैदान में हार स्वीकार करनी चाहिए।
#World #International #SaudiArabia #YemenConflict #HouthiRebels #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2026, 06:17 IST
हूतियों ने सऊदी पर किया हमला: एयरपोर्ट और वित्तीय केंद्र पर मिसाइलें दागने का दावा, क्या फिर बढ़ेगा तनाव? #World #International #SaudiArabia #YemenConflict #HouthiRebels #VaranasiLiveNews
