Chamoli News: बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी, धाम में बढ़ी ठंड

बदरीनाथ/गोपेश्वर। मौसम में बदलाव के साथ बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। इससे धाम में ठंड बढ़ गई है। वहीं, जिले के निचले इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने से ठिठुरन बढ़ गई है। बृहस्पतिवार सुबह से ही बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। धूप नहीं खिलने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट महसूस की गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ठंड को देखते हुए नगर पंचायत ने धाम में चार स्थानों पर अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि साकेत चौराहे, थाने के सामने, बस अड्डे और लूप रोड पर अलाव की व्यवस्था की गई है ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके। उधर, जिले के निचले इलाकों में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। देर शाम तक बारिश नहीं हुई लेकिन मौसम में बदलाव से ठंड बढ़ गई। इसका असर बाजारों में भी नजर आया। ठंड के चलते बाजारों में भीड़ कम रही और शाम होते ही बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा।

#SnowfallOnThePeaksOfBadrinath #ColdIncreasesInTheDham #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 29, 2026, 17:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamoli News: बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी, धाम में बढ़ी ठंड #SnowfallOnThePeaksOfBadrinath #ColdIncreasesInTheDham #VaranasiLiveNews