Bareilly News: स्मैशर्स ने टाइटंस को हराया, किंग्स ने नाइट्स को मात दी
बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम कैंप की ओर से आयोजित अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में स्मैशर्स ने टाइटंस और दूसरे में किंग्स ने नाइट्स को मात दी। पहले मैच में टाइटंस के कप्तान विपिन कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पूरी टीम 19.5 ओवरों में 142 रन बनाकर सिमट गई। कप्तान विपिन कुमार ने सर्वाधिक 69 रन का योगदान दिया। स्मैशर्स की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए कप्तान कुशाग्र सागर ने चार, हेमंत ने दो, जबकि विवान गंगवार और अर्शल ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मैशर्स की टीम ने 17.5 ओवरों में आठ विकेट खोकर रोमांचक जीत दर्ज की। टीम के लिए कप्तान कुशाग्र ने 32, शिवम राठौड़ ने 26 और विवान गंगवार ने नाबाद 19 रनों की उपयोगी पारी खेली। कप्तान कुशाग्र सागर को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।दूसरे मुकाबले में स्टेडियम किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 19.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 180 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान सुमित मौर्या ने 66, प्रकाश पटेल ने 43 और रुद्र यादव ने 24 रन बनाए। नाइट्स के लिए कप्तान हर्ष श्रीवास्तव और अर्जुन यादव ने चार-चार विकेट झटके।लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम नाइट्स की टीम 18.1 ओवरों में 144 रनों पर ही सिमट गई। कप्तान हर्ष श्रीवास्तव ने 44, कार्तिक गंगवार ने 43 और अर्जुन यादव ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। किंग्स के लिए बशर राजा ने चार, जबकि सुमित मौर्या और मयंक प्रताप सिंह ने एक-एक विकेट लिया। सुमित मौर्या को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।इससे पहले मैचों का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त वरिष्ठ सचिव ओपी कोहली, बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव सोनेंद्र श्रोतिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान अब्दुल जीशान, मनोज सागर, बंटी मौर्य, मोहम्मद कमर, डेविड मेसन, राहुल कपूर आदि मौजूद रहे।
#SmashersBeatTitans #KingsBeatKnights #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 02:54 IST
Bareilly News: स्मैशर्स ने टाइटंस को हराया, किंग्स ने नाइट्स को मात दी #SmashersBeatTitans #KingsBeatKnights #VaranasiLiveNews
