Una News: क्षतिग्रस्त बडसाला पुल का मरम्मत का कार्य जोरों पर
नारी (ऊना)। लगभग एक वर्ष से क्षतिग्रस्त 210 मीटर लंबे बडसाला पुल का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। भूमि कटाव के कारण पुल के दो पिलर नीचे धंस गए और पुल बैठता जा रहा था। ऐसे में पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। पुल का मुद्दा उठाए जाने पर शासन और प्रशासन हरकत में आया है और तेजी से मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। जानकारी अनुसार 210 मीटर लंबा पुल वर्ष 2002 में बनाया गया था परंतु खनन माफिया द्वारा नीचे पिलरों के पास से बजरी उठाए जाने के कारण पिलर कमजोर होकर धंस गए। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभाग द्वारा पुल को बंद कर दिया गया और पांच माह तक स्थिति ऐसे ही बनी रही। अब प्रशासन द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से पुल का तेजी से मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है ताकि बरसात से पहले काम पूरा हो सके। कार्य पूरा होने से प्रभावित लगभग 15 गांवों की 20 हजार आबादी को सुविधा मिल सकेगी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक एक महीने के बाद पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस संबंध में अरविंद लखनपाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग बंगाणा ने बताया कि बडसाला पुल के पिलर पिछली बरसात में अधिक बाढ़ आने और खनन के कारण धंस गए थे। जनता की सुविधा को देखते हुए पुल का मरम्मत कार्य जोरों पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि एक महीने तक पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 19, 2026, 23:01 IST
Una News: क्षतिग्रस्त बडसाला पुल का मरम्मत का कार्य जोरों पर #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
