सियासत: पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन से उलझ गए दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के चुनावी समीकरण, राह नहीं आसान
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल बादल के बीच गठबंधन ने दिल्ली की सिख राजनीति में नई उलझन पैदा कर दी है।पंजाब में दोनों दल 2027 का विधानसभा चुनाव साथ लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली में अगले साल होने वाले दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में उनके समर्थक ही आमने-सामने आ सकते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा दिल्ली में अपने नेता मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ खड़ी होगी या गठबंधन सहयोगी अकाली दल बादल के साथ दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की मौजूदा सत्तारूढ़ अकाली दल के नेताओं ने वर्ष 2021 में अकाली दल बादल के बैनर तले चुनाव लड़ा था, मगर उसके प्रमुख नेता मनजिंदर सिंह सिरसा बाद में अकाली दल बादल से अलग होकर भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कमेटी के बड़ी संख्या में सदस्य भी आ गए। इस तरह कमेटी में अकाली दल बादल के नाम से चुनाव लड़ने वाला सत्तारूढ़ धड़ा अब सिरसा के नेतृत्व और भाजपा के राजनीतिक समर्थन से जुड़ा हुआ है। दूसरी ओर, अकाली दल दिल्ली के नेता परमजीत सिंह सरना और जागो के नेता मनजीत सिंह जीके की अकाली दल बादल में वापसी ने दिल्ली में पार्टी की दावेदारी को फिर सक्रिय कर दिया है। दोनों नेताओं की सिरसा से राजनीतिक अदावत किसी से छिपी नहीं है। कमेटी के मौजूदा पदाधिकारी भी सरना पर लगातार हमलावर रहे हैं। ऐसे में पंजाब में दोनों दलों के गठबंधन के बावजूद दिल्ली में इनके बीच एकजुटता की राह आसान नहीं दिख रही। अगले साल होने वाले दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी चुनाव में भाजपा के सामने असहज स्थिति बन सकती है।
#CityStates #DelhiNcr #Delhi #Bjp-akaliAlliance #DelhiGurdwaraCommittee #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 01:11 IST
सियासत: पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन से उलझ गए दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के चुनावी समीकरण, राह नहीं आसान #CityStates #DelhiNcr #Delhi #Bjp-akaliAlliance #DelhiGurdwaraCommittee #VaranasiLiveNews
