Rajasthan Monsoon Update: अगले 48 घंटों में बांसवाड़ा से होगी मानसून की एंट्री, जुलाई में कम बारिश की आशंका
राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में मानसून राजस्थान में प्रवेश कर सकता है। मानसून के असर से 2 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जबकि 6 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। इस बार मानसून राजस्थान के दक्षिणी द्वार डूंगरपुर-बांसवाड़ा के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पूर्वी राजस्थान में 2 या 3 जुलाई को मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 3 से 6 जुलाई के बीच मानसून का असर और बढ़ने के साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। जुलाई में सामान्य से कम बारिश की आशंका हालांकि मानसून के आगमन की संभावना के बीच मौसम विभाग ने जुलाई माह में राज्य में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान भी जताया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई काफी हद तक बारिश पर निर्भर करती है। यह भी पढें-Rajasthan:शादी के दबाव में 400 किमी दूर लाकर की प्रेमिका की हत्या, तीन महीने बाद मिला कंकाल; कैसे खुला राज उत्तर-पूर्वी जिलों में अंधड़ का अलर्ट मौसम विभाग ने 2 से 4 जुलाई के बीच बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिलों में तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। जोधपुर, फलोदी और जालोर के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। गर्मी और उमस से बेहाल रहा प्रदेश पिछले 24 घंटों के दौरान कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में दिनभर तेज धूप और उमस का असर बना रहा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू में 41.9, फलोदी में 41.8, बीकानेर में 41.6, पिलानी में 41.2, बाड़मेर में 40.9, करौली में 40.8, हनुमानगढ़ में 40.5 और जैसलमेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कोटा संभाग में सबसे ज्यादा बारिश मंगलवार को कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कोटा जिले के मंडाना क्षेत्र में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पीपल्दा में 9 एमएम, झालावाड़ के बाकनी में 13 एमएम, धौलपुर के बसेड़ी में 12 एमएम और बारां के किशनगंज में 14 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर में गर्मी से नहीं मिली राहत राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही। शहर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद हवा में नमी अधिक होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी।
#CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanMonsoon #BanswaraMonsoonEntry #RajasthanWeatherUpdate #JulyRainfallForecast #ImdRajasthan #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 03:29 IST
Rajasthan Monsoon Update: अगले 48 घंटों में बांसवाड़ा से होगी मानसून की एंट्री, जुलाई में कम बारिश की आशंका #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanMonsoon #BanswaraMonsoonEntry #RajasthanWeatherUpdate #JulyRainfallForecast #ImdRajasthan #VaranasiLiveNews
