बोह के प्रभावित परिवारों को दी जाएगी सरकारी भूमि : पठानिया
राणो देवी को मिलेगा प्रदेश स्तरीय सम्मान, समीक्षा बैठक में दिए निर्देश उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी होंगे सम्मानितसंवाद न्यूज एजेंसीधर्मशाला। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मिनी सचिवालय धर्मशाला में विकास कार्यों एवं मानसून के दौरान राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इसमें विशेष रूप से बोह क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद चल रहे राहत, पुनर्वास और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार बोह आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन 14 प्रभावित परिवारों को स्थायी आवास के लिए भूमि की आवश्यकता है, उन्हें सरकारी भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। राजस्व विभाग को इस संबंध में सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि आपदा के समय असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देकर ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने वाली राणो देवी को प्रदेश स्तर पर सम्मानित करने की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोगों को चेतावनी नहीं मिलती तो जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी। इसके साथ ही आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय लोगों, स्वयंसेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा, ताकि समाज में सेवा और मानवता की भावना को और अधिक प्रोत्साहन मिले। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, चिकित्सा, राहत शिविर, दस्तावेजों की पुनर्प्राप्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध करवाई गईं।प्रभावितों को केसीसी बैंक देगा 9 लाख अतिरिक्त सहायताकांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक एवं नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल ने बताया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक भी बोह आपदा प्रभावित परिवारों को कुल 9 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान करेगा। इसके तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को 30-30 हजार रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को 20-20 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
#GovernmentLandToBeProvidedToAffectedFamiliesOfBoh:Pathania #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 19:35 IST
बोह के प्रभावित परिवारों को दी जाएगी सरकारी भूमि : पठानिया #GovernmentLandToBeProvidedToAffectedFamiliesOfBoh:Pathania #VaranasiLiveNews
