राजकीय आयुर्वेद अस्पताल: 13 ओपीडी, 400 से ज्यादा मरीज, काउंटर पर 210 में से सिर्फ 12 दवाएं
राजकीय आयुर्वेद अस्पताल, चौकाघाट में इन दिनों दवाओं का संकट गहरा गया है। अस्पताल में 13 ओपीडी संचालित होती हैं, लेकिन मरीजों के लिए निर्धारित 210 दवाओं में से इस समय महज 12 ही उपलब्ध हैं। इनमें भी करीब पांच दवाएं पेट संबंधी बीमारियों की हैं। इसके अलावा खांसी-जुकाम, कफ, भूख न लगने और त्वचा रोग से जुड़ी दवाएं ही फार्मेसी में बची हैं। ऐसे में डॉक्टर को दिखाने के बाद पर्चा लेकर दवा काउंटर पर पहुंच रहे मरीजों को अधिकांश दवाएं बाहर की दुकानों से खरीदनी पड़ रही हैं। अस्पताल में रोजाना वाराणसी समेत आसपास के जिलों से 400 से ज्यादा मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें स्त्री रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, बाल रोग, पेट संबंधी बीमारी और घुटने के दर्द समेत विभिन्न रोगों के मरीज शामिल हैं। दवाओं की कमी का असर अस्पताल के दवा काउंटर पर भी नजर आ रहा है। मंगलवार को ओपीडी के दौरान यहां महज चार-पांच मरीज ही दवा लेने पहुंचे। सामान्य दिनों में दवाएं उपलब्ध होने पर महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतार लगती है।
#CityStates #Varanasi #GovernmentAyurvedaHospital #VaranasiNews #UpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 16, 2026, 14:09 IST
राजकीय आयुर्वेद अस्पताल: 13 ओपीडी, 400 से ज्यादा मरीज, काउंटर पर 210 में से सिर्फ 12 दवाएं #CityStates #Varanasi #GovernmentAyurvedaHospital #VaranasiNews #UpNews #VaranasiLiveNews
