Hardoi News: उपभोक्ताओं पर भारी पड़ी मरम्मत के लिए हुई चार घंटे की बिजली कटौती

हरदोई। बिजली की नई लाइन के साथ ही ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम रविवार को उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गया। काम कराने के लिए सुबह पांच बजे से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। लगभग चार घंटे बाद 16 हजार उपभोक्ताओं को बिजली मिल पाई। इससे इतर अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही के कारण उपभोक्ताओं की शनिवार रात की नींद और रविवार को दिन का चैन भी छिना रहा। शहर के सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र के लिए 33 केवीए की नई लाइन बन रही है। रविवार को इस लाइन पर काम होने के कारण सुबह पांच बजे से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। लगभग चार घंटे तक विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड और गुरगुज्जा की आपूर्ति बंद रही। इससे दोनों उपकेंद्र से जुड़े गुरगुज्जा, बिलग्राम रोड, मोमीनाबाद, मुन्ने मिया चौराहा, सरायथोक पश्चिमी, लक्ष्मीपुरवा, कृष्ण नगरिया, राम नगरिया, आलू थोक, चौहान थोक, वैटगंज,भठ्ठा पुरवा के 18 हजार उपभोक्ता परेशान रहे। सुबह से ही बिजली आपूर्ति न होने से लोग पीने के पानी तक के लिए तरस गए। इस कारण दिनचर्या भी प्रभावित हो गई। वहीं विद्युत उपकेंद्र आशानगर से जुड़े तिकुनिया पार्क के ट्रांसफार्मर की मरम्मत के कारण बिजली आपूर्ति सुबह पांच बजे से साढ़े नौ बजे तक बंद रही। इससे ट्रांसफार्मर से जुड़े 400 उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान हुए। इसके अलावा मन्नापुरवा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र विद्या कॉलोनी, ग्राम कोट, टाउन सेकेंड की आपूर्ति दो घंटे बाधित रही। वहीं सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बाबा मंदिर चौराहे पर केबल जर्जर होने के कारण शनिवार रात बिजली गुल रही। इससे लोग पूरी रात परेशान हुए। शहर के सिटी विद्युत उपकेंद्र से डीएम फीडर से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति रात 12 बजे तक बाधित रही। वहीं सिटी विद्युत उपकेंद्र के सिनेमा रोड फीडर से जुड़े क्षेत्र में बिजली की आवाजाही से लोगों की नींद में खलल पड़ा। बिजली लाइन व ट्रांसफार्मर पर काम होने के कारण शट डाउन लिया गया था। भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ी है। इससे तकनीकी समस्याओं के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है। समस्या सामने आते ही निस्तारण की कोशिश शुरू हो जाती है। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता, सदर

#Four-hourPowerCutForRepairsHitsConsumersHard. #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 23:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hardoi News: उपभोक्ताओं पर भारी पड़ी मरम्मत के लिए हुई चार घंटे की बिजली कटौती #Four-hourPowerCutForRepairsHitsConsumersHard. #VaranasiLiveNews