Hathras News: महिला हेल्थ विजिटर बेहोश, प्रभारी पर लगाया एक लाख रुपये मांगने का आरोप

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में मंगलवार सुबह महिला हेल्थ विजिटर बीना सिंह अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। चिकित्सकों ने तत्काल उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। तबीयत ठीक होने के बाद बीना ने सीएचसी प्रभारी डॉ. दलबीर सिंह पर अनावश्यक दबाव बनाने एवं एक लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। सीएचसी प्रभारी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। सीएमओ ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी है। बीना सिंह ने कहा कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें प्रभारी कार्यालय में बुलाया गया, जहां उन्हें फटकार लगाई गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई और न देने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे वह बेहोश हो गईं। अस्पताल कर्मियों ने उनके परिजनों को सूचना दी, उनकी बेटी और बेटा अस्पताल पहुंच गए। इसी दौरान सीएमओ निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। बीना की बेटी को ऊंची आवाज में बोलते देख सीएमओ ने मामले की जानकारी ली। शिकायत सुनी और सीएचसी प्रभारी के कार्यालय में दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले को शांत कराया। इधर, सीएचसी प्रभारी ने सभी आरोपों को निराधार बताया। कहा कि बीना सिंह अपने कार्यों का निर्वहन संतोषजनक ढंग से नहीं कर रहीं हैं, उन्हें कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। हाल ही में डीएम के निरीक्षण के दौरान टीकाकरण एवं हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़े सवालों का जवाब तक नहीं दे सकीं। मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और टीकाकरण की बैठक थी। चर्चा के दौरान कहासुनी हुई, जिसके बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। लगभग आधे घंटे तक अस्पताल का कामकाज प्रभावित रहा। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं, लेकिन यह आरोप लगाने का सही मंच नहीं है। दोनों से कहा है कि यदि कोई समस्या है तो लिखित रूप से संज्ञान में लाएं। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद

#HathrasNews #HealthVisitorFainted #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 02:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hathras News: महिला हेल्थ विजिटर बेहोश, प्रभारी पर लगाया एक लाख रुपये मांगने का आरोप #HathrasNews #HealthVisitorFainted #VaranasiLiveNews