Meerut News: ऊर्जा निगम के खिलाफ किसानों ने बिजलीघर पर दिया धरना, आश्वासन पर समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसीसरूरपुर। कस्बा खिवाई स्थित बिजलीघर पर बुधवार को ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर किसानों व कस्बा निवासियों ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने निगम के कर्मचारियों पर मनमानी करने, अधिक बिल भेजने, बिना पूर्व सूचना कनेक्शन काटने और घरों में पहुंचकर मीटर उखाड़ने के आरोप लगाए। शाम करीब 4:00 बजे किसानों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को मांग-पत्र सौंपा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने में शामिल सपा नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने कहा कि ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली से खिवाई के उपभोक्ता परेशान हैं। शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी घरों में पहुंचकर मीटर उखाड़ने और कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे हैं। इस दौरान परिवारों के शादी-विवाह जैसे आयोजनों का भी ध्यान नहीं रखा जाता। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल साल में एक या दो बार तैयार होती है, जबकि हर महीने हजारों रुपये के बिजली बिल का भुगतान करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। कस्बा निवासियों ने कहा कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से पशुपालकों, छोटे कारोबारियों और आम परिवारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मांग-पत्र में बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित करने, कटौती से पहले सूचना देने और कनेक्शन काटने से कम से कम 15 दिन पहले उपभोक्ता को समय देने की मांग की गई। इसके अलावा मीटर संबंधी कार्रवाई के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराने की मांग भी उठाई गई। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राकेश चौहान, आदिल, अशोक फौजी, इस्तकबाल, मुजम्मिल, साकिब, यशपाल, हक्कू खां, मोनिश और गुलबहार आदि मौजूद रहे।
#FarmersStagedAProtestAtThePowerStationAgainstThePowerCorporation;TheProtestEndedFollowingAssurances. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 19:30 IST
Meerut News: ऊर्जा निगम के खिलाफ किसानों ने बिजलीघर पर दिया धरना, आश्वासन पर समाप्त #FarmersStagedAProtestAtThePowerStationAgainstThePowerCorporation;TheProtestEndedFollowingAssurances. #VaranasiLiveNews
