स्कूल में नौ साल की बच्ची की मौत: क्लास में खड़े-खड़े मुंह के बल गिरी, पिता बोले- बच जाती बेटी की जान; अगर...
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा की अचानक गिरने से मौत हो गई। वीडियो में दिख रहा कि खेल का समय समाप्त होने के बाद छात्रा जैसे ही अपनी कक्षा में पहुंची, वह अचानक खड़े-खड़े फर्श पर गिर पड़ी। कक्षा में मौजूद शिक्षिका ने उसे उठाकर बैठाने का प्रयास किया और तुरंत स्कूल प्रशासन को इसकी सूचना दी। छात्रा को तत्काल पांडव नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन छात्रा को निर्माण विहार स्थित एक अन्य निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है और यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप दूसरी ओर, परिवार ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा कि छात्रा को कोई बीमारी नहीं थी और वह पूरी तरह ठीक थी। पिता का आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी की जान चली गई। परिवार ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पांडव नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि नौ वर्षीय छात्रा अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में माता-पिता और अन्य सदस्य हैं। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता इलाके के एक जिम में ट्रेनर हैं। इसके अलावा वह मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालक के रूप में भी कार्यरत हैं। तीसरी कक्षा में पढ़ती थी छात्रा छात्रा मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे उसके पिता उसे स्कूल छोड़कर आए थे। करीब 10 बजे परिवार को स्कूल से बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। घर पर मौजूद उसकी मां तुरंत स्कूल की ओर रवाना हुईं। बाद में वह स्कूल स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली। स्कूल के शिक्षकों ने परिवार को बताया कि सुबह करीब 8:30 से 9:10 बजे तक स्कूल में पीटी पीरियड था। पीरियड समाप्त होने के बाद सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में लौट आए। छात्रा भी कक्षा में आकर खड़ी हो गई। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि उसने दोनों हाथ कमर पर रखे और अचानक मुंह के बल फर्श पर गिर गई। गिरने से उसकी ठोड़ी पर भी चोट लगी। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने स्कूल पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने स्कूल का सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्कूल प्रबंधन ने बच्ची की मौत पर सफाई दी स्कूल प्रशासन ने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद उसे निर्माण विहार स्थित बड़े अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। स्कूल प्रशासन ने मामले की हर तरह की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।
#CityStates #DelhiNcr #DelhiNews #SchoolNews #StudentDeath #DelhiNcrNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 16:18 IST
स्कूल में नौ साल की बच्ची की मौत: क्लास में खड़े-खड़े मुंह के बल गिरी, पिता बोले- बच जाती बेटी की जान; अगर... #CityStates #DelhiNcr #DelhiNews #SchoolNews #StudentDeath #DelhiNcrNews #VaranasiLiveNews
