वाराणसी में सीएम योगी: सुरक्षा का खाका तैयार, मुख्यमंत्री आगमन पर नो-फ्लाई जोन; रूफटॉप फोर्स करेगी निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय दौरे पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सोमवार की शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा के प्रत्येक बिंदु पर चर्चा की। नो-फ्लाई जोन का कड़ाई से पालन, सीसीटीवी एवं रूफटॉप निगरानी, समय से ड्यूटी पर उपस्थिति और आमजन के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान संभावित जोखिमों का आकलन कर उच्च सतर्कता बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण में “नो टच पॉलिसी” का पालन करने, महिला संबंधित व्यवस्थाएं महिला पुलिस के जरिए ही संपादित कराने तथा लाउड हेलर, पीए सिस्टम, रस्सों आदि के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी रूप से लागू रखा जाए और कार्यक्रम के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी की जाए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश केवल चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के बाद ही दिया जाए और वीवीआईपी मार्ग पर प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। पुलिस आयुक्त ने सभी ड्यूटी कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति पूर्व से स्पष्ट रूप से अवगत कराते हुए अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा मार्ग पर किसी भी प्रकार के अवरोध को रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा सहित एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। ऑनलाइन माध्यम से थानेदार और एसीपी भी जुड़े रहे।
#CityStates #Varanasi #CmYogiVaranasiVisist #VaranasiNews #CmYogiInVaranasi #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 04, 2026, 23:42 IST
वाराणसी में सीएम योगी: सुरक्षा का खाका तैयार, मुख्यमंत्री आगमन पर नो-फ्लाई जोन; रूफटॉप फोर्स करेगी निगरानी #CityStates #Varanasi #CmYogiVaranasiVisist #VaranasiNews #CmYogiInVaranasi #VaranasiLiveNews
