Una News: समृद्धि की पाठशाला में सिंचाई का पाठ पढ़ाएगी केंद्र की टीम
ऊना। केंद्र की जल संसाधन मंत्रालय की टीम हरोली उपमंडल में किसानों को पुरानी सिंचाई योजना में आधुनिकीकरण के फायदाें का पाठ पढ़ाएगी। इसे लेकर हरोली में स्थित पालकवाह सभागार में 20 जून को समृद्धि की पाठशाला आयोजित की जाएगी। इसमें किसानों को अत्याधुनिक तकनीक लैस सिंचाई योजना से होने वाले फायदों के बारे में बताया जाएगा। करीब एक घंटे तक चलने वाली इस पाठशाला में किसानों को माॅडर्नाइजेशन कमांड एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत किए जाने वाले बदलावों के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा। केंद्र की जल संसाधन मंत्रालय की टीम शुक्रवार को ऊना पहुंच जाएगी। इसके बाद अगले दिन किसानों से रूबरू होगी। हरोली उपमंडल में किसानों के लिए 97.78 करोड़ रुपये की माॅडर्नाइजेशन कमांड एरिया डेवलपमेंट योजना शुरू की जाएगी। योजना के तहत हरोली उपमंडल के 62 गांवों की 4889 हेक्टेयर कृषि भूमि में आधुनिक सिंचाई व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही 133 ट्यूबवेल और 2885 आउटलेट को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। योजना के तहत मौजूदा सिंचाई तंत्र का आधुनिकीकरण किया जाएगा और पुराने पाइपलाइन नेटवर्क को बदलकर नई व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इसके अलावा एससीएडीए और आईओटी आधारित ऑटोमेशन सिस्टम लगाए जाएंगे। परियोजना को तीन क्लस्टरों में बांटा गया है। पहले क्लस्टर में टाहलीवाल क्षेत्र की 1874 हेक्टेयर भूमि, दूसरे में हरोली क्षेत्र की 1790 हेक्टेयर भूमि और तीसरे क्लस्टर में खड्ड क्षेत्र की 1225 हेक्टेयर भूमि को शामिल किया गया है। योजना के तहत कुल 1010 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जाएगा, जिससे खेतों तक पानी की आपूर्ति अधिक सुचारु रूप से हो सकेगी।केंद्र की टीम शनिवार को किसानों को माडर्नाइजेशन कमांड एरिया डेवलपमेंट योजना से होने वाले फायदों के बारे में जागरूक करेगी। -पुनित शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग हरोली।
#CentralTeamToTeachLessonsOnIrrigationAtThe'SchoolOfProsperity' #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 18, 2026, 23:52 IST
Una News: समृद्धि की पाठशाला में सिंचाई का पाठ पढ़ाएगी केंद्र की टीम #CentralTeamToTeachLessonsOnIrrigationAtThe'SchoolOfProsperity' #VaranasiLiveNews
