Meerut News: एडीएम ने किया गंगा के तटबंध का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
- गंगा का जलस्तर घटने से खादर में राहतसंवाद न्यूज एजेंसीहस्तिनापुर। पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर में शनिवार को गिरावट दर्ज होने से खादर क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि कई गांवों के जंगलों में अब भी पानी भरा हुआ है। हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है। प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी तेज कर दी है। अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।तीन दिन से बिजनौर बैराज से गंगा में लगातार बढ़ रहे डिस्चार्ज के कारण खादर क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई थी। शुक्रवार को बैराज से गंगा का डिस्चार्ज दो लाख क्यूसेक से अधिक पहुंच गया था। इसके चलते बस्तोरा नारंग, मखदूमपुर किशोरपुर, दूधली, भीकुंड समेत कई गांवों के जंगलों में पानी फैल गया। ग्रामीणों को बाढ़ की आशंका सताने लगी थी।शनिवार दोपहर के बाद गंगा के जलस्तर में कमी आनी शुरू हुई। बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता घनश्याम दास ने बताया कि शनिवार शाम 6:00 बजे तक बैराज से लगभग 1.73 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। जलस्तर में गिरावट से लोगों को राहत मिली है, हालांकि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने उप जिलाधिकारी संतोष कुमार के साथ फतेहपुर प्रेम और शेरपुर नई बस्ती के बीच स्थित तटबंध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में जलस्तर बढ़ने से शेरपुर नई बस्ती के पास कटान की स्थिति बनने लगी थी, लेकिन सिंचाई विभाग ने समय रहते सुरक्षात्मक कार्य कर कटान पर प्रभावी नियंत्रण पा लिया।उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। संभावित स्थिति को देखते हुए तटबंधों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और दिन-रात निगरानी की जा रही है। अभी बंद है हस्तिनापुर-चांदपुर मार्गगंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण हस्तिनापुर-चांदपुर बिजनौर मार्ग पर वाहनों का संचालन अभी भी बंद है। बिजनौर की ओर पांडव नगर पुलिस चौकी के पास सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस ने बाहरी एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक रखा है। जिससे कोई घटना न हो। इस संपर्क मार्ग पर आवागमन करने वाले राहगीरों को बिजनौर बैराज के रास्ते चांदपुर जाना पड़ रहा है। शेरपुर नई बस्ती के समीप तटबंध का निरीक्षण करते एडीएम व एसडीएम स्रोत संवाद
#ADMInspectedTheGangaEmbankmentAndIssuedNecessaryInstructions. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 18:39 IST
Meerut News: एडीएम ने किया गंगा के तटबंध का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश #ADMInspectedTheGangaEmbankmentAndIssuedNecessaryInstructions. #VaranasiLiveNews
