Una News: मुठभेड़ में नशा तस्करी का आरोपी गोली लगने से घायल

मुठभेड़ में नशा तस्करी का आरोपी गोली लगने से घायलपांच आरोपियों को दबोचा, 150 ग्राम चिट्टा, देसी पिस्तौल और कार बरामदसंवाद न्यूज एजेंसी नंगल (ऊना)। क्षेत्र में पुलिस और कथित नशा तस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 150 ग्राम चिट्टा, एक देसी पिस्तौल और एक कार बरामद करने का दावा किया है।जिला पुलिस प्रमुख मनिंद्र सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के आरोपियों और असामाजिक तत्वों के संबंध में सूचनाएं एक विशेष पुलिस नेटवर्क के माध्यम से प्राप्त की जा रही हैं। इसी दौरान सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ लोग नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नया नंगल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई यादविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाका लगाया। पुलिस के अनुसार जब संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया गया तो उसमें सवार एक व्यक्ति ने पुलिस पर दो फायर किए और वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार का पीछा किया। नंगल-श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर गांव ब्रह्मपुर के निकट दोबारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने फिर से गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली एक आरोपी को लग गई, जिसके बाद सभी पांच आरोपियों को काबू कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत निवासी जिला मोहाली, रोहित निवासी हिसार, शुभम निवासी जींद, परीक्षित निवासी सोनीपत तथा लेह मस्तक प्रताप निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लवप्रीत गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम चिट्टा, एक देसी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और आरोपी कब से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे।

#AccusedDrugSmugglerInjuredInAShootout. #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 18, 2026, 18:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: मुठभेड़ में नशा तस्करी का आरोपी गोली लगने से घायल #AccusedDrugSmugglerInjuredInAShootout. #VaranasiLiveNews