Kangra News: दूसरे चरण में 76.39 % मतदान, लंबागांव फिर फिसड्डी
धर्मशाला। पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में जिला कांगड़ा में वीरवार को 76.39 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान के आंकड़ों के अनुसार जिले में विकास खंड नगरोटा बगवां अव्वल रहा, जबकि लंबागांव में सबसे कम मतदान हुआ। दिलचस्प बात यह है कि पहले चरण के चुनाव में भी लंबागांव ब्लॉक ही मतदान में सबसे फिसड्डी रहा था।दूसरे चरण के तहत जिले की 282 पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए वोट डाले गए। गर्मी के तीखे तेवरों को देखते हुए लोग सुबह 6 बजे से ही मतदान केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए थे। सुबह 7 से 9 बजे तक जिले में 20.56 फीसदी मतदान हुआ था, जो 11 बजे तक बढ़कर 41.50 फीसदी पर पहुंच गया। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक कुल 76.39 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण के कुल 3,95,856 मतदाताओं में से 3,02,410 लोगों ने वोट डाले। आंकड़ों के अनुसार नगरोटा बगवां ब्लॉक में सबसे अधिक 82.56 फीसदी (19,065 में से 15,741) मतदान हुआ। दूसरे स्थान पर इंदौरा (29,129 में से 23,487) और तीसरे स्थान पर धर्मशाला खंड (14,172 में से 11,376) रहा। वहीं, लंबागांव ब्लॉक में सबसे कम 66.2 फीसदी (21,488 में से केवल 14,226) वोटिंग दर्ज की गई।उधर, नगर निकाय चुनावों की तरह पंचायती राज के दूसरे चरण में भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से कहीं अधिक रही। जिला में जहां पुरुष मतदान का आंकड़ा 71.18 फीसदी रहा, वहीं 81.71 फीसदी महिला मतदाताओं ने वोट डाले। महिलाओं की सक्रियता के मामले में नगरोटा बगवां ब्लॉक 87.08% मतदान के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा बडोह में 86.14 फीसदी और पालमपुर में 85.88 फीसदी और महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
#KangraNewsHpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 01:20 IST
Kangra News: दूसरे चरण में 76.39 % मतदान, लंबागांव फिर फिसड्डी #KangraNewsHpNews #VaranasiLiveNews
