Sant Kabir Nagar News: मुंशी, मौलवी व आलिम में 133 ने छोड़ी परीक्षा
किसान इंटर कॉलेज सिक्टहा में हो रही परीक्षा संवाद न्यूज एजेंसी महुली। मदरसा बोर्ड की तरफ से आयोजित मुंशी मौलवी और आलिम कक्षाओं की परीक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। संतकबीरनगर में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें दो अनुदानित मदरसों के अलावा पांच इंटर कॉलेज शामिल हैं। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सख़्ती को लेकर दर्जनों छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी है। धनघटा तहसील में मदरसा बोर्ड का एकमात्र परीक्षा केंद्र किसान इंटर कॉलेज सिक्टहा बनाया गया है। केंद्र पर कुल 324 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिनमें से 303 परीक्षार्थी मुंशी मौलवी एवं 21 परीक्षार्थी आलिम कक्षाओं के हैं। मंगलवार को प्रथम पाली में अरबिक व पर्सियन लिटरेचर की परीक्षा में सिर्फ 177 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। 126 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। इसी प्रकार दूसरी पाली में अरबी एवं फारसी अदब विषयों की परीक्षा में 14 विद्यार्थी उपस्थित रहे, और सात परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्र व्यवस्थापक अभिमन्यु सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर कुल 324 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 191 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, तथा 133 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी है। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र व अन्य सचल दल जनपद के परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते रहे।
#SANTKABIRNAGARNEWS #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 10, 2026, 23:55 IST
Sant Kabir Nagar News: मुंशी, मौलवी व आलिम में 133 ने छोड़ी परीक्षा #SANTKABIRNAGARNEWS #VaranasiLiveNews
