बेरी में हुई झमाझम बारिश, किसानों के चेहरे खिले, लोगों को हुई परेशानी
बेरी। क्षेत्र में शुक्रवार करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी। बारिश के बाद बेरी के मेन बाजार, लड़कियों वाले स्कूल, बस स्टैड़, दुजाना मार्ग पर खटीक धर्मशाला, रहमाणी गंज सहित कई स्थानों पानी जमा हो गया। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी धीमी रही और लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। सुबह से बूंदाबांदी हो रही थी और दोपहर बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य मार्गों के साथ-साथ मोहल्लों और बाजार की गलियों में भी पानी जमा हो गया। इससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय निवासी ललित, राहुल, मनीष, सुनील, पंकज आदि का कहना हैि कि जब भी बरसात होती हैं तो पुरानी कमेटी वाली गली व लड़कियों वाले स्कूल वाली गली में कई-कई फीट पानी खड़ा हो जाता हैं। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से बारिश से पहले नालियों की सफाई कराने और जल निकासी के स्थायी इंतजाम करने की मांग की। बारिश से किसानों के चेहरे खिले किसान राजीव उर्फ काले ने बताया कि इस समय हुई बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की जरूरत कम होगी और किसानों को राहत मिलेगी। किसानों ने बताया कि बारिश का लंबे समय से इंतजार था। बारिश ने एक ओर जहां किसानों और आमजन को राहत दी, वहीं दूसरी ओर शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था को भी उजागर कर दिया।
बेरी में हुई झमाझम बारिश, किसानों के चेहरे खिले, लोगों को हुई परेशानी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 07, 2026, 19:41 IST
बेरी में हुई झमाझम बारिश, किसानों के चेहरे खिले, लोगों को हुई परेशानी #VaranasiLiveNews
