VIDEO: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, भर्ती घोटालों की जांच की मांग
बहराइच: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। ज्ञापन में लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा पेपर लीक और भर्ती घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने तथा घायल छात्रों को मुआवजा और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान अधिक संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बहराइच: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 25, 2026, 18:57 IST
बहराइच: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे #VaranasiLiveNews
