VIDEO: नीचे बीयर की दुकान, ऊपर एसएससी-पुलिस भर्ती की कोचिंग, जर्जर भवन में चल रही लाइब्रेरी; 51 अपंजीकृत सेंटरों पर कार्रवाई

आगरा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कई कोचिंग संस्थान छात्रों की सुरक्षा को दांव पर लगाकर संचालित हो रहे हैं। कहीं नीचे बीयर की दुकान और ऊपर एसएससी-पुलिस भर्ती की कोचिंग चल रही है तो कहीं जर्जर भवन में लाइब्रेरी संचालित हो रही है। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद जब क्षेत्रीय उच्च शिक्षा विभाग की टीम ने शहर के कोचिंग संस्थानों की पड़ताल की तो कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। बुधवार को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी की ओर से गठित चार सदस्यीय टीम ने अपंजीकृत कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। पड़ताल के दौरान भगवान टॉकीज स्थित एसके करियर क्लासेज में नीचे बीयर की दुकान और ऊपर एसएससी व पुलिस भर्ती की कोचिंग संचालित मिली। इसी क्षेत्र में समाधान कोचिंग सेंटर बंद मिला, जबकि उसके बगल में एक जर्जर भवन में जिज्ञासा लाइब्रेरी संचालित होती पाई गई, जहां बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करते हैं। निरीक्षण में कई कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले। कई जगहों पर आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी, जबकि कुछ संस्थान संकरी गलियों और पुराने भवनों में संचालित हो रहे हैं। अधिकांश भवनों में केवल एक ही सीढ़ी है, जिससे किसी हादसे की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. विजेंद्र ने बताया कि जिले में 51 अपंजीकृत कोचिंग संस्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 15 संस्थानों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर पंजीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जो संस्थान निरीक्षण के दौरान बंद मिले हैं, उनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जाएगी।

VIDEO: नीचे बीयर की दुकान, ऊपर एसएससी-पुलिस भर्ती की कोचिंग, जर्जर भवन में चल रही लाइब्रेरी; 51 अपंजीकृत सेंटरों पर कार्रवाई #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 25, 2026, 15:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: नीचे बीयर की दुकान, ऊपर एसएससी-पुलिस भर्ती की कोचिंग, जर्जर भवन में चल रही लाइब्रेरी; 51 अपंजीकृत सेंटरों पर कार्रवाई #VaranasiLiveNews