बाराबंकी: पत्नी की हत्या कर आठ साल की बेटी को छोड़ घर में ताला लगाकर भागा पति, छानबीन में जुटी पुलिस

बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मोहल्ले में पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आठ साल की बेटी को घर में बंद कर ताला लगाकर भाग जाने का मामला सामने आया है। पुलिस छानबीन में जुटी है। मृतका सीमा के पिता धर्मेश के मुताबिक, आरोपी संदीप ने फोन कर पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी थी। दंपती की आठ वर्षीय बेटी सिद्धि भी है, जो अक्सर पड़ोस में रहने वाली अपनी दादी सुनीता के पास रहती थी। घटना के समय बच्ची कहां थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। धर्मेश ने बताया कि रात में संदीप ने फोन कर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात कही। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या करने और शव घर के बीच वाले कमरे में पड़े होने की जानकारी दी। फिर घर में ताला लगाकर चला गया। करीब सात घंटे बाद धर्मेश मौके पर पहुंचे तो घर बंद मिला। इस पर सभासद के पति बृजेश ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एएसपी विवेक तिवारी और सीओ सिटी आफताब आलम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। धर्मेश के मुताबिक, सीमा और संदीप की शादी करीब दस साल पहले कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। संदीप ऑटो चलाता था। दोनों काम के सिलसिले में लखनऊ आते-जाते थे। कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सीमा मायके चली गई थी। हालांकि, कुछ दिन बाद वह फिर संदीप के पास लौट आई थी। संदीप की मां ने बताया कि बेटे ने अपनी मर्जी से सीमा के साथ कोर्ट मैरिज की थी। उनके मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप की गैरमौजूदगी में एक बाहरी व्यक्ति उसके घर आता-जाता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। परिवार को आशंका है कि इसी विवाद में हत्या की गई। संदीप के सौतेले बड़े भाई वीरेंद्र ने बताया कि उसे पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की जानकारी नहीं थी। कुछ दिन पहले उसका संदीप से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हत्या के कारणों और घटना के समय की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

#CityStates #Barabanki #Lucknow #BarabankiNews #UpNews #CrimeInBarabanki #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 04, 2026, 07:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बाराबंकी: पत्नी की हत्या कर आठ साल की बेटी को छोड़ घर में ताला लगाकर भागा पति, छानबीन में जुटी पुलिस #CityStates #Barabanki #Lucknow #BarabankiNews #UpNews #CrimeInBarabanki #VaranasiLiveNews