वेनेजुएला: भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1943 हुई, 10 हजार से ज्यादा घायल; लापता लोगों की तलाश जारी
वेनेजुएला में हाल ही में आए दो भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंपों से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,943 हो गई है। वहीं, 10,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सरकार ने क्या फैसला लिया सरकार ने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आपातकाल घोषित कर दिया है। वहीं,राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए सशस्त्र बलों को तैनात कर दिया है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, विस्थापित परिवारों के लिए आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं और चिकित्सा दल घायलों की देखभाल कर रहे हैं। सोमवार को क्या हुआ सोमवार की सुबह वेनेजुएला के काराकास और ला गुइरा शहरों के पास एक और 4.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। उन्हें इमारतों से निकलकर खुले स्थानों की ओर जाते देखा गया। यह घटना क्षेत्र में कुछ ही दिनों पहले आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद हुई है, जिन्होंने इस क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। वेनेजुएला के आधिकारिक भूकंपीय अनुसंधान फाउंडेशन की एक रिपोर्ट के अनुसार, कैरेबियन सागर में आए भूकंप का केंद्र ला गुआइरा राज्य के तट से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित था। यह वही क्षेत्र है जो बुधवार को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था। नवीनतम आफ्टरशॉक स्थानीय समयानुसार लगभग सुबह 9:30 बजे आया, जिससे पहले से ही सहमी हुई आबादी में दहशत फैल गई। राजधानी काराकास और तटीय शहर ला गुइरा में इमारतें हिलने लगीं, जिसके चलते निवासी अपने घरों और कार्यस्थलों से बाहर निकल आए। कई लोग इमारतों के और ढहने के डर से पार्कों, चौकों और अन्य खुले स्थानों पर जमा होते देखे गए। स्थानीय निवासी ने क्या बताया ला गुएरा की निवासी मारिया लोपेजने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हम बहुत डरे हुए हैं। बुधवार से हमने ठीक से नींद नहीं ली है। हर झटके से हम बाहर भाग जाते हैं।' दहशत के बावजूद, अधिकारियों ने कहा कि सोमवार के भूकंप के बाद किसी अतिरिक्त क्षति या हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है। भूकंप के बाद रोड्रिगेजने कहा, 'देश के किसी भी हिस्से में अतिरिक्त नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।'उन्होंने नागरिकों से शांत रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। बुधवार को आए दोहरे भूकंप के बाद वेनेजुएला अभी भी उसके प्रभावों से जूझ रहा है, ऐसे में यह आफ्टरशॉक आया है। सरकार ने क्या अपील की है स्थानीय अधिकारियों ने नागरिकों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और बचाव दल के साथ सहयोग करने की अपील की है। सरकार ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन भी स्थापित की हैं और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संभावित सुनामी से बचाव के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर ऊंचे स्थानों पर चले जाने की सलाह दी है।
#World #International #Venezuela #VenezuelaEarthquake #VenezuelaEarthquakeDeaths #DeathTollRises #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 07:43 IST
वेनेजुएला: भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1943 हुई, 10 हजार से ज्यादा घायल; लापता लोगों की तलाश जारी #World #International #Venezuela #VenezuelaEarthquake #VenezuelaEarthquakeDeaths #DeathTollRises #VaranasiLiveNews
