कला के कद्रदान हैं तो बहाइए पसीना: जर्मनी में लगी अनोखी प्रदर्शनी, कसरत करते हुए कलाकृतियां देख रहे लोग
अगर आप किसी कला दीर्घा में जाएं तो आमतौर पर माहौल काफी शांत होता है। लोग आराम से टहलते हुए कलाकृतियां निहारते हैं और सधी आवाज में बातचीत करते हैं। लेकिन जर्मनी के डसेलडोर्फ शहर स्थित म्यूजियम कुन्स्टपलास्ट ने इस खामोशी को तोड़ दिया है। यहां दर्शक सिर्फ कलाकृतियों की कला नहीं निहारते बल्कि ट्रेडमिल, रोइंग मशीन और वेट्स पर पसीना भी बहा रहे हैं। कुन्स्टपलास्ट म्यूजियम में इस माह शुरू हुई अनोखी प्रदर्शनी अगले साल 21 फरवरी तक चलने वाली है। विशेष पहल के तहत संग्रहालय के स्थायी संग्रह के बीच 70 से ज्यादा फिटनेस उपकरण और 23 मूवमेंट स्टेशन लगाए गए हैं। हर स्टेशन इस तरह रखा गया है कि कसरत करते हुए दर्शक आसपास की पेंटिंग्स और इंस्टॉलेशन से जुड़ सकें, जैसे किसी समुद्री दृश्य वाली कलाकृति के सामने रोइंग मशीन का होना। सौ साल पुरानी विरासत से जुड़ा प्रयोग यह प्रयोग ऐसे ही नहीं किया गया है। बल्कि इसके पीछे 1926 की ऐतिहासिक जेसोलेई प्रदर्शनी की याद जुड़ी है, जो स्वास्थ्य, खेल, पोषण, चिकित्सा और संस्कृति को एक मंच पर लाई थी। सौ साल बाद उसी सोच को नए रूप में ढाल कुन्स्टपलास्ट ने दिखाने की कोशिश की है कि शरीर की सक्रियता और सौंदर्यबोध एक ही अनुभव का हिस्सा हो सकते हैं। संगीत के साथ भी कर रहे वर्कआउट सामान्य संग्रहालय टिकट या फिटनेस पास रखने वाले दर्शक खुद से कार्डियो और स्ट्रेंथ मशीनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां पिलाटेस, योग, बैरे, बॉक्सिंग जैसे सत्र आयोजित हो रहे हैं। वहीं हर हफ्ते बृहस्पतिवार को संगीत के साथ सामूहिक वर्कआउट की भी सुविधा है। किसी भी उम्र के लोग इसमें हिस्सा ले सकते हैं, बस 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ किसी वयस्क का होना जरूरी है। सुरक्षा के लिए एप, वीडियो गाइड और प्रशिक्षक मौजूद रहते हैं। कोई कर रहा तारीफ तो कुछ इस प्रयोग से खफा आयोजकों के अनुसार, इस पहल से दर्शकों की संख्या बढ़ी है और युवा से लेकर बुजुर्ग तक संग्रहालय में कसरत करते दिख रहे हैं। हालांकि, हर कोई इस बदलाव से खुश नहीं है। कई पारंपरिक कला प्रेमियों को यह मेल बेतुका लगा और उन्होंने सवाल उठाया कि डंबल और मशीनों का कला दीर्घा में क्या काम। आयोजकों का जवाब सीधा है-यह कोई स्थायी बदलाव नहीं है बल्कि एक अस्थायी प्रयोग है। वैसे जो लोग शांत माहौल में कला देखना चाहते हैं, उनके लिए विकल्प खुला है, और जो कला के बीच पसीना बहाना चाहते हैं, उनके लिए मैट और मशीनें तैयार हैं। प्रदर्शनी बताती है कि कला को समझने के लिए हमेशा स्थिर खड़े रहना जरूरी नहीं है बल्कि शारीरिक सक्रियता के साथ अनूठा अनुभव भी लिया जा सकता है।
#World #International #Germany #Dusseldorf #KunstpalastMuseum #UniqueExhibition #ArtGallery #Fitness #Workout #ArtAndHealth #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 28, 2026, 01:40 IST
कला के कद्रदान हैं तो बहाइए पसीना: जर्मनी में लगी अनोखी प्रदर्शनी, कसरत करते हुए कलाकृतियां देख रहे लोग #World #International #Germany #Dusseldorf #KunstpalastMuseum #UniqueExhibition #ArtGallery #Fitness #Workout #ArtAndHealth #VaranasiLiveNews
