चीन को एनवीडिया की चिप पहुंचाने का शक: अमेरिकी वित्त मंत्री ने वाणिज्य मंत्री को घेरा, बवाल की वजह क्या?

अमेरिका में चीन को अत्याधुनिक चिप की आपूर्ति को लेकर ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद सामने आए हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक से इस मुद्दे पर सवाल उठाए। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में दोनों मंत्रियों के बीच इस मामले पर तीखी बहस हुई थी। बेसेंट इस बात से नाराज थे कि वाणिज्य विभाग एनवीडिया की ग्राहक कंपनी मेगास्पीड को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संभावित खतरा घोषित करने से बच रहा है। इस घटना से पता चलता है कि चीन को अमेरिकी तकनीक मिलने से रोकने के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद हैं। मेगास्पीड पर अमेरिका को क्या शक अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अधिकारियों का मानना है कि सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड को उन कंपनियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए, जिन्हें अमेरिका अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानता है। इस सूची में शामिल होने के बाद अमेरिकी कंपनियों के लिए संबंधित विदेशी संस्थाओं को सामान और तकनीक की आपूर्ति करना प्रतिबंधित या मुश्किल हो सकता है। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि मेगास्पीड ने अमेरिकी कानूनों को दरकिनार कर एनवीडिया की अत्याधुनिक चिप चीन पहुंचाई। वित्त मंत्रालय चाहता है कि कंपनी को प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में डालकर अमेरिकी तकनीक की आपूर्ति रोकी जाए। हालांकि, वाणिज्य विभाग ने अब तक मेगास्पीड को इस सूची में शामिल नहीं किया है। सीएनएन के मुताबिक, पिछले बृहस्पतिवार को हुई बैठक में बेसेंट ने लटनिक के सामने यह मुद्दा उठाया, लेकिन वाणिज्य मंत्री ने तत्काल कोई कार्रवाई करने का भरोसा नहीं दिया। इस बैठक के बारे में सबसे पहले एक्सियोस ने खबर दी थी। एनवीडिया प्रमुख और मेगास्पीड की अधिकारी का क्या मामला इस विवाद ने तब और ध्यान खींचा, जब एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग और मेगास्पीड की अधिकारी एलिस हुआंग के कथित संबंधों को लेकर खबरें सामने आईं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को एलिस हुआंग पर चीनी जासूस होने का संदेह था। सीएनएन के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को कई महीने पहले ही जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों के साथ-साथ खुफिया एजेंसियों के संदेह की जानकारी दे दी गई थी। इन अधिकारियों में वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक भी शामिल थे। इस जानकारी के बाद मेगास्पीड के कारोबारी लेनदेन और अमेरिकी चिप तकनीक तक उसकी पहुंच को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई। मेगास्पीड ने कितनी चिप खरीदीं सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की शुरुआत वर्ष 2015 में चीन की वीडियो गेम बनाने वाली कंपनी के रूप में हुई थी। उस समय इसका नाम 7रोड इंटरनेशनल था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग के कंपनी की निदेशक बनने और कंपनी का नाम बदलने के बाद पिछले तीन वर्षों में यह एशिया में एनवीडिया की चिप खरीदने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो गई। अनुमान के मुताबिक, कंपनी अब तक चार अरब डॉलर से अधिक की एनवीडिया चिप खरीद चुकी है। मेगास्पीड ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। कंपनी ने खुद को कानून का पालन करने वाली वैध कंपनी बताया है। कंपनी को प्रतिबंधित करने से अमेरिका क्यों हिचक रहा अमेरिका की प्रतिबंधित कंपनियों की सूची राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में अहम भूमिका निभाती है। इसमें शामिल कंपनियों को अमेरिकी उत्पाद और तकनीक की आपूर्ति रोकी जा सकती है। लेकिन मेगास्पीड को इस सूची में डालने का असर केवल कारोबार तक सीमित नहीं रहेगा। इससे चीन के साथ अमेरिका के आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों में भी तनाव बढ़ सकता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल चीन के साथ व्यापारिक संबंधों को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। सीएनएन के मुताबिक, वाणिज्य विभाग ने एक साल से अधिक समय से किसी कंपनी को इस सूची में शामिल नहीं किया है। ऐसे में बेसेंट और लटनिक के बीच मतभेद अमेरिका के सामने मौजूद चुनौती को दिखाते हैं। उसे एक तरफ चीन को अत्याधुनिक अमेरिकी तकनीक मिलने से रोकना है, तो दूसरी तरफ उसके साथ व्यापारिक रिश्ते भी बनाए रखने हैं।

#World #International #NvidiaChips #ScottBessent #HowardLutnick #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 12, 2026, 01:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




चीन को एनवीडिया की चिप पहुंचाने का शक: अमेरिकी वित्त मंत्री ने वाणिज्य मंत्री को घेरा, बवाल की वजह क्या? #World #International #NvidiaChips #ScottBessent #HowardLutnick #VaranasiLiveNews