यूपी: पुलिस चाैकी में दरोगा को दी गाली, मारने पर हुए उतारू, इसलिए मर्यादा लांघ गए दो सिपाही; दोनों निलंबित
आगरा के रामबाग पुलिस चाैकी पर तैनात दो सिपाहियों के डयूटी नहीं आने पर रपट लिखाना दरोगा को भारी पड़ गया। आरोप है कि मुख्य आरक्षी निरोत्तम और आरक्षी आयुष चाैधरी ने चाैकी पर आकर दरोगा से अभद्रता की। पुलिसकर्मियों के सामने बेइज्जति करने लगे। विरोध पर मारपीट की कोशिश की। दरोगा ने अधिकारियों से लिखित शिकायत की। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा की जांच के बाद सिपाहियों को डीसीपी सिटी ने निलंबित कर दिया। विभागीय जांच के आदेश किए गए हैं। कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने में क्रिटिकल काॅरिडोर टीम बनी हैं। इनकी ड्यूटी यातायात व्यवस्था से लेकर हादसों की पड़ताल में लगती है। रामबाग पर एसआई कुलदीप सीसी टीम में हैं। शनिवार को वह डयूटी पर आए थे। चाैराहे पर जाम लगा हुआ था। उनकी टीम के मुख्य आरक्षी निरोत्तम और आरक्षी आयुष ड्यूटी से गायब थे। उनके नहीं मिलने पर विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी साझा कर दी। इसके बाद थाने में रपट लिखा दी। बताया गया है कि इस बारे में पता चलने पर सिपाही चाैकी पर पहुंचे। दरोगा को पकड़ लिया। धमकी देना शुरू कर दी। विरोध पर गाली देने लगे। यह देखकर अन्य पुलिसकर्मी आ गए। मगर दोनों दरोगा को बेइज्जति करने लगे। किसी के कुछ नहीं बोलने पर दरोगा भी सहम गया। वह कुछ नहीं बोल पाया। सिपाहियों ने मारपीट की कोशिश भी की। मगर उसे कुछ लोगों ने बचा लिया। बाद में सिपाहियों को समझाया भी, लेकिन वो कुछ सुनने को तैयार नहीं हुए। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा को जांच दी गई थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट दी थी। अनुशासनहीनता पर दोनों को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच भी की जा रही है। विभाग में इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। -सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी
#CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #AgraPolice #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 17, 2026, 20:10 IST
यूपी: पुलिस चाैकी में दरोगा को दी गाली, मारने पर हुए उतारू, इसलिए मर्यादा लांघ गए दो सिपाही; दोनों निलंबित #CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #AgraPolice #VaranasiLiveNews
