Kangra News: पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर आज दौड़ेगी ट्रायल ट्रेन

बरियाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेलमार्ग पर ट्रेनों की बहाली का इंतजार कर रहे हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार को उत्तर रेलवे के रेल सुरक्षा आयुक्त दिनेश चंद देशवाल इस पूरे ट्रैक का अंतिम और निर्णायक ट्रायल करेंगे। इस निरीक्षण के सफल होते ही लंबे समय से बंद पड़ी रेल सेवाओं के दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।रेलवे सूत्रों के अनुसार सुरक्षा आयुक्त दिनेश देशवाल सोमवार शाम दिल्ली से रवाना होकर मंगलवार सुबह 7 बजे पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। सुबह 9 बजे वह सात बोगियों वाली विशेष नैरोगेज ट्रेन के साथ निरीक्षण अभियान की शुरुआत करेंगे। निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा चक्की खड्ड पर नवनिर्मित रेलवे पुल होगा। टीम यहां करीब डेढ़ घंटे तक रुककर पुल की मजबूती और उस पर बिछाए गए ट्रैक की बारीकी से जांच करेगी।सुबह 10:30 बजे टीम नूरपुर रोड पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए शाम 6 बजे तक बैजनाथ पहुंचेगी। ट्रायल के दौरान दोपहर करीब 2 बजे ट्रेन नगरोटा सूरियां पहुंचेगी जहां लोकतांत्रिक राष्ट्र निर्माण अभियान के प्रतिनिधि पीसी विश्वकर्मा सुरक्षा आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें बरसात के दौरान ट्रैक पर आने वाली बाधाओं और यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।पठानकोट रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजपाल ने कहा कि अंतिम ट्रायल में जम्मू मंडल के डीआरएम सहित रेलवे के कई उच्चाधिकारी शामिल रहेंगे। यदि यह ट्रायल मानकों के अनुरूप सफल रहता है तो अगले कुछ ही दिनों में रेलगाड़ियों का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।

#KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 18:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर आज दौड़ेगी ट्रायल ट्रेन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews