Kangra News: चालानों से भड़के ट्रैक्टर संचालक, चक्का जाम करने की दी चेतावनी

नूरपुर (कांगड़ा)। खनन अधिनियम के तहत ट्रैक्टरों के चालान और जब्ती के विरोध में नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर और जवाली विधानसभा क्षेत्रों के ट्रैक्टर संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। संचालकों ने चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को इन चारों क्षेत्रों के ट्रैक्टर चालकों ने पूर्व वन मंत्री राकेश पठानिया से मुलाकात कर पुलिस की कथित तानाशाही और अभद्र व्यवहार पर गहरा रोष जताया। इसके उपरांत पठानिया की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक (एसपी) नूरपुर कुलभूषण वर्मा से मिला और ट्रैक्टर संचालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए 15 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। ट्रैक्टर संचालकों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सीमांत खड्डों में पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों से अवैध खनन करने वालों पर नाममात्र कार्रवाई की जा रही है, जबकि बेलचे से रोजी-रोटी कमाने वाले ट्रैक्टर चालकों को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। राकेश पठानिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि ट्रैक्टरों के टायरों की हवा निकालना, चालकों के साथ बदसलूकी करना और वाहनों को महीनों तक कोर्ट के चक्कर कटवाना सरासर धक्केशाही है। इससे सैकड़ों परिवारों का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि मशीनों से होने वाले बड़े पैमाने के खनन पर कार्रवाई नाममात्र है, जबकि ट्रैक्टरों के अंधाधुंध चालान काटकर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और स्थानीय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर संचालकों को नाजायज रूप से तंग करना बंद नहीं किया गया तो नूरपुर में एक हजार ट्रैक्टरों के साथ चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन मशीनी खनन पर लगाम लगाए और बेलचा चलाकर आजीविका कमाने वालों को राहत प्रदान करे।

#KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 27, 2026, 17:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: चालानों से भड़के ट्रैक्टर संचालक, चक्का जाम करने की दी चेतावनी #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews