धारूहेड़ा में चोरों के हौसले बुलंद: बंद कमरे में कैद रहे बच्चे व महिला, चोरों ने डेढ़ लाख के जेवर व नकदी उड़ाई
धारूहेड़ा थाना सेक्टर 6 के अंतर्गत आने वाली रिहायशी सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। चोर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने घर के अंदर मौजूद महिला और बच्चों को ही बाहर से बंद कर दिया और आराम से पूरे घर को खंगालकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना आनंदम आवास सोसायटी की है, जहां रहने वाले छोटन यादव के घर 18 जून को चोरी हुई। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार छोटन यादव अपने गोदाम पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी घर में बाथरूम में नहा रही थी और बच्चे दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और बड़ी चालाकी से पत्नी व बच्चों के कमरों के दरवाजों पर बाहर से सांकल लगा दी। घर के सदस्य अंदर ही कैद होकर रह गए और उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोर बेडरूम में रखे सोने के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गए। जब महिला नहाकर बाहर निकली तो दरवाजा नहीं खुला। किसी तरह दरवाजा खोलने के बाद घर में चोरी का पता चला। चोरी हुए सामान में सोने के लॉकेट, बालियां, अंगूठियां, नोज पिन, झुमके और हार सहित कुल लगभग डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति शामिल बताई गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस सोसायटी में परिवार घर के अंदर मौजूद था। वहां चोर इतने आराम से कैसे पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर निकल भी गए। यदि घर के सदस्यों को किसी प्रकार की आहट नहीं लगी तो यह सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता मानी जा रही है। घटना ने सोसायटी में रहने वाले अन्य परिवारों में भी दहशत पैदा कर दी है। थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
#Crime #Rewari #Haryana #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 10:32 IST
धारूहेड़ा में चोरों के हौसले बुलंद: बंद कमरे में कैद रहे बच्चे व महिला, चोरों ने डेढ़ लाख के जेवर व नकदी उड़ाई #Crime #Rewari #Haryana #VaranasiLiveNews
