कांवड़ यात्रा : जिले में सेक्टर स्कीम लागू, 22 सेक्टरों में 110 अफसर तैनात
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम किए हैं। बृहस्पतिवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को 22 सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है। इस बार 110 अधिकारियों की तैनाती की गई है।प्रशासन ने पहली बार सेक्टर स्कीम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विद्युत विभाग, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को भी शामिल किया है। प्रत्येक सेक्टर में संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने कार्यों की निगरानी करेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, सीओ और तीन मजिस्ट्रेटों को जोनल अधिकारी बनाया गया है।जिले में अधिकांश श्रद्धालु रामघाट और सांकरा गंगा घाट से जल लेकर बिजौली के प्राचीन शिव मंदिर, अतरौली के बड़े महादेव, अलीगढ़ के अचलेश्वर और खेरेश्वर महादेव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रमुख कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी कराई गई है।प्रशासन का दावा है कि कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिवालयों के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के खंभों को सुरक्षित किया गया है, ताकि करंट उतरने जैसी घटनाओं से बचाव हो सके। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को कांवड़ मार्ग पर स्थित ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए जिले को 22 सेक्टरों में बांटकर सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
#AligarhNews #KanwadYatra #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 02:49 IST
कांवड़ यात्रा : जिले में सेक्टर स्कीम लागू, 22 सेक्टरों में 110 अफसर तैनात #AligarhNews #KanwadYatra #VaranasiLiveNews
