Korba: SECL कर्मी के 29 वर्षीय बेटे की संदिग्ध मौत, कमरे में खून से लथपथ मिला, इलाज के दौरान तोड़ा दम
कोरबा में गुरुवार को मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत SECL सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के कमरे में खून से लथपथ मिले 29 वर्षीय अंकित सोनवानी को परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक अंकित सोनवानी SECL कर्मी हीरा लाल सोनवानी और SECL चिकित्सा विभाग में पदस्थ कुमुदनी सोनवानी का बड़ा बेटा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को अंकित शराब के नशे में घर आया था। इसके बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया। कमरे में उसकी पत्नी भी मौजूद थी। कुछ देर बाद अचानक अंकित गिर गया और उसके पैर में कोई नुकीली वस्तु घुस गई। देखते ही देखते वह खून से लथपथ हो गया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर छोटे भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल अंकित को SECL के विभागीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई आशीष सोनवानी ने बताया कि घटना के समय माता-पिता दोनों ड्यूटी पर गए हुए थे। पिता हीरा लाल सोनवानी कुसमुंडा खदान में पदस्थ हैं और मां कुमुदनी सोनवानी SECL के चिकित्सा विभाग में काम करती हैं। जब घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। घटना के बाद घर में मातम पसरा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। फिलहाल मौत के सही कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि अंकित की मौत कैसे हुई, कमरे में नुकीली वस्तु कहां से आई और क्या घटना के समय कोई और कारण था, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 16, 2026, 10:55 IST
Korba: SECL कर्मी के 29 वर्षीय बेटे की संदिग्ध मौत, कमरे में खून से लथपथ मिला, इलाज के दौरान तोड़ा दम #CityStates #Crime #Korba #VaranasiLiveNews
