Delhi NCR News: जर्जर मकान की छत गिरी, बुजुर्ग महिला की मौत, किशोर घायल
-न्यू उस्मानपुर स्थित ब्रह्मपुरी गली नंबर-2 में सोमवार देर रात हुआ हादसा, 13 साल का पोता हुआ जख्मी-बेटा-बहू दूसरे कमरे में सो रहे थे, उसी दौरान देर रात अचानक गिरी कमरे की छत, पुलिस ने किया मामला दर्जअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर स्थित ब्रह्मपुरी इलाके में सोमवार देर रात एक जर्जर मकान की छत गिर गई। हादसे में कमरे में सो रहे दादी-पोता मलबे में दब गए। शोर-शराबा हुआ तो पड़ोसी मदद करने पहुंचे। पुलिस व दमकल विभाग को खबर देने के बाद दादी-पोते को मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में बुजुर्ग महिला नीना वर्मा (62) को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाती निशांत (13) का अस्पताल में इलाज जारी है। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद बुजुर्ग महिला का शव परिजनों के हवाले कर दिया है।पीड़ित परिवार का आरोप है कि मकान मालिक जर्जर मकान की न तो मरम्मत करवा रहा था और न ही मकान खाली करने दे रहा था। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान लेकर मामले की जांच शुरू की है। बुजुर्ग महिला का बेटा बीमार रहता है, उसके पैरों में फिलहाल प्लास्टर बंधा है। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक नीना वर्मा अपने परिवार के साथ ए-46, गली नंबर-2, ब्रह्मपुरी में किराए के मकान में भूतल पर रहती थीं। इनके पति श्रीकांत की मौत हो चुकी हैं। परिवार में बेटा, बहू व तीन पोते हैं। बेटे की टांगों में कुछ दिक्कत है, फिलहाल उसकी दोनों टांगों में प्लास्टर बंधा हुआ है, वह पूरी तरह बिस्तर पर है। बुजुर्ग महिला ही छोटा-मोटा काम कर घर का खर्चा चला रही थीं। सोमवार रात नीना वर्मा अपने बड़े पोते के साथ एक कमरे में सो रही थीं। वहीं दूसरे कमरे में बेटा-बहू व दो पोते सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे नीना वर्मा वाले कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। बुजुर्ग नीना वर्मा व पोता निशांत मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने मलबे हटाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में नीना वर्मा को मृत घोषित कर दिया। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर बुजुर्ग महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मालिक नहीं खाली करने दे रहा था मकाननीना वर्मा की बहू ने बताया कि मकान पिछले काफी समय से जर्जर हालत में था। पहली मंजिल पर रहने वाले किराएदार भी कुछ समय पहले मकान खाली करके चले गए थे। आर्थिक स्थिति खराब होने व बेटे के बीमार होने की वजह से बुजुर्ग महिला समय पर किराया नहीं दे पाती थीं। ऐसे में मकान मालिक मकान खाली नहीं करने देता था। मकान खाली करने पर वह सामान वहीं छोड़कर जाने की बात करता था। मजबूर होकर परिवार को जर्जर मकान में रहना पड़ रहा था। पड़ोसी महिला शारदा देवी ने बताया कि दिन में यदि हादसा होता तो कई लोग हताहत होते। प्रशासन को इस मकान की जांच करना चाहिए। वहू ने भी बताया कि तीनों पोते दादी के पास सोते थे। उस दिन इत्तेफाक से दो बच्चे के उसके पास थे।
#RoofOfDilapidatedHouseCollapses #ElderlyWomanDies #TeenagerInjured #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 17:40 IST
Delhi NCR News: जर्जर मकान की छत गिरी, बुजुर्ग महिला की मौत, किशोर घायल #RoofOfDilapidatedHouseCollapses #ElderlyWomanDies #TeenagerInjured #VaranasiLiveNews
