रिपोर्ट: फसल कटाई की मशीनें बन रहीं मजदूरों की सेहत की दुश्मन, फेफड़ों की बीमारियों का खतरा

खेतों में फसल की कटाई का काम तेज करने वाली कंबाइन हार्वेस्टर मशीनें मजदूरों के फेफड़ों के लिए खतरा है। मशीन से उड़ने वाली फसल, भूसे और मिट्टी की धूल के साथ फफूंद के कण और दूसरे जैविक तत्व मजदूरों की सांस के जरिये शरीर में पहुंचते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से लगातार खांसी, सांस फूलने, दमा और फेफड़ों की दूसरी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लंग्स कैंसर का भी खतरा है। इस समस्या को देखते हुए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने मशीनों पर काम करने वाले ऑपरेटरों और सहायकों की सेहत पर शोध कराने की पहल की है। इसके तहत धूल को रोकने के लिए मशीनों में कम खर्च वाले उपाय भी विकसित किए जाएंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली के वैज्ञानिकों ने गेहूं की कटाई के समय कंबाइन हार्वेस्टर ऑपरेटर के सांस लेने वाले क्षेत्र में धूल के कणों की मात्रा मापी। अध्ययन में सांस के जरिये अंदर जा सकने वाले कुल धूल कणों की औसत मात्रा 9,500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। छाती तक पहुंच सकने वाले कणों की मात्रा 4,150 और फेफड़ों के गहरे हिस्से तक पहुंच सकने वाले कणों की मात्रा 940 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थी। अध्ययन में पीएम-10 की औसत मात्रा 3,722, पीएम2.5 की 453 और पीएम-1 की 120 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर मिली। शोधकर्ताओं के मुताबिक, पीएम-10 और पीएम-2.5 का स्तर तय मानकों से क्रमशः रोजाना के आधार पर 37 और आठ गुना तथा सालाना आधार पर 62 और 11 गुना अधिक था। आईसीएमआर के मुताबिक, मशीनों पर काम करने वाले ऑपरेटर और सहायक लंबे समय तक खुले प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं। इस दौरान वे फसल और भूसे की धूल, मिट्टी से आने वाले खनिज कण, फफूंद के बीजाणु और एंडोटॉक्सिन जैसे तत्वों के संपर्क में रहते हैं। एंडोटॉक्सिन कुछ बैक्टीरिया से जुड़ा ऐसा तत्व है, जो शरीर में सूजन और दूसरी प्रतिक्रियाएं पैदा कर सकता है। मजदूरों को खांसी, सीने में जकड़न, नाक में जलन, आंखों में सूजन या जलन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। कई सीजन तक काम करने से बीमारी गंभीर हो सकती है आईसीएमआर ने आशंका जताई है कि लगातार कई फसल सीजन तक ऐसी धूल के संपर्क में रहने से पुरानी ब्रोंकाइटिस, काम के कारण होने वाला दमा और सीओपीडी जैसी बीमारियों का खतरा हो सकता है। कुछ मजदूरों में हाइपरसेंसिटिविटी न्यूमोनाइटिस भी हो सकता है। यह फेफड़ों में सूजन पैदा करने वाली बीमारी है। मशीनों में फिल्टर वाला केबिन लगाने की तैयारीपरिषद ऐसे उपाय पर काम करेगी, जिनसे मशीन चलाते समय मजदूरों तक धूल पहुंचने से रोकी जा सके। इसके लिए खुले प्लेटफॉर्म वाली मशीनों में कम खर्च वाले बंद केबिन लगाने का विकल्प शामिल है। इन केबिन में हवा को साफ करने वाले फिल्टर होंगे और अंदर हवा का दबाव बाहर से थोड़ा अधिक रखा जाएगा, ताकि धूल भीतर न आ सके। मशीन पर धूल का स्तर बताने वाले सस्ते सेंसर लगाने और धूल बढ़ने पर चेतावनी देने की व्यवस्था पर भी शोध होगा।

#IndiaNews #National #CropHarvesting #LungDisease #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 13, 2026, 03:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




रिपोर्ट: फसल कटाई की मशीनें बन रहीं मजदूरों की सेहत की दुश्मन, फेफड़ों की बीमारियों का खतरा #IndiaNews #National #CropHarvesting #LungDisease #VaranasiLiveNews